विधानसभा में गूंजा सूरजपुरी समाज का आरक्षण मुद्दा, ठाकुरगंज विधायक ने उठाई ईबीसी में शामिल करने की मांग

ठाकुरगंज विधायक गोपाल अग्रवाल विधानसभा में | Prabhat Khabar Network
ठाकुरगंज विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल ने बिहार विधानसभा सत्र में सूरजपुरी समाज को आरक्षण का लाभ दिलाने की मांग की. उन्होंने समाज को EBC में शामिल करने के लिए सर्वेक्षण की आवश्यकता बताई.
ठाकुरगंज : बिहार विधानसभा के मानसून सत्र में शनिवार को सीमांचल के सूरजपुरी समाज को अत्यंत पिछड़ा वर्ग (ईबीसी) में शामिल करने का मुद्दा जोरदार तरीके से उठा. ठाकुरगंज विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल ने सदन में कहा कि सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक रूप से पिछड़ा होने के बावजूद सूरजपुरी समाज आज भी आरक्षण के लाभ से वंचित है. उन्होंने सरकार से समाज का सर्वेक्षण कर उसे ईबीसी सूची में शामिल करने की मांग की.
विधायक ने सदन में कहा कि पूर्व में राजनीतिक कारणों से बाहर से आकर बसे कुछ समुदायों को ईबीसी का दर्जा दिया गया, जबकि सूरजपुरी समाज अब भी अपने अधिकार से वंचित है. उन्होंने यह भी कहा कि समाज के शिक्षित युवा डिग्री होने के बावजूद सरकारी नौकरियां नहीं मिलने से रोजी-रोटी के लिए दिल्ली, मुंबई समेत अन्य महानगरों में पलायन करने को मजबूर हैं.
उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि यह केवल रोजगार का नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय और समान अवसर का भी प्रश्न है. उन्होंने सरकार से सूरजपुरी समाज की वास्तविक सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक स्थिति का सर्वेक्षण कर उसे अत्यंत पिछड़ा वर्ग में शामिल करने की मांग दोहराई.
अध्यक्ष ने संक्षेप में रखने को कहा
विधानसभा में भाषण के दौरान विधायक का वक्तव्य लंबा होने पर विधानसभा अध्यक्ष ने उन्हें कई बार अपनी बात संक्षेप में रखने और प्रश्न पर केंद्रित रहने का निर्देश दिया. इसके बावजूद विधायक ने कहा कि वह सीमांचल के युवाओं की आवाज सदन तक पहुंचाना चाहते हैं.
सरकार ने क्या कहा
सरकार की ओर से जवाब में कहा गया कि सूरजपुरी मुस्लिम समुदाय को अत्यंत पिछड़ा वर्ग में शामिल करने की मांग पर आवश्यक प्रक्रिया के तहत विचार किया जा रहा है. उपलब्ध तथ्यों की जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.
विधानसभा में यह मुद्दा उठने के बाद सीमांचल में सूरजपुरी समाज के आरक्षण की मांग एक बार फिर चर्चा का विषय बन गई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By बच्छराज
बच्छराज प्रिंट माध्यम में 25 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. ठाकुरगंज (किशनगंज) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










