मरीजों को और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करायी जाएंगी : जिलाधिकारी

Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 10 Dec 2024 10:39 PM

विज्ञापन

सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों की स्वच्छता, संक्रमण नियंत्रण और सेवा गुणवत्ता में सुधार के उद्देश्य से केंद्र सरकार ने 2015 में कायाकल्प योजना की शुरुआत की.

विज्ञापन

किशनगंज. सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों की स्वच्छता, संक्रमण नियंत्रण और सेवा गुणवत्ता में सुधार के उद्देश्य से केंद्र सरकार ने 2015 में कायाकल्प योजना की शुरुआत की. इस योजना का मुख्य उद्देश्य सरकारी अस्पतालों को स्वच्छ, सुरक्षित और मरीजों के लिए अनुकूल बनाना है. इसमें संस्थानों का आकलन तीन चरणों में किया जाता है आंतरिक मूल्यांकन, पियर असेसमेंट, और राज्यस्तरीय अंकेक्षण. उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्वास्थ्य संस्थानों को वित्तीय प्रोत्साहन और प्रशंसा प्रमाणपत्र प्रदान किए जाते हैं. इसी कड़ी में मंगलवार को जिले के सदर अस्पताल का राज्यस्तरीय अंकेक्षण राज्य स्वास्थ्य समिति के विशेषज्ञों, डॉ विकास कुमार और राकेश कुमार, द्वारा किया गया. इस दौरान अस्पताल के विभिन्न विभागों जैसे प्रसव कक्ष, ओपीडी, इमरजेंसी वार्ड, ऑपरेशन थिएटर, शौचालय, और बायोमेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट का गहन निरीक्षण किया गया. मरीजों की सुविधा, स्वच्छता, शुद्ध पेयजल की उपलब्धता, और स्टाफ की तत्परता पर विशेष ध्यान दिया गया. टीम ने कई क्षेत्रों में सुधार के लिए सुझाव दिए और अस्पताल प्रशासन की तैयारियों पर संतोष व्यक्त किया.अंकेक्षण के दौरान सदर अस्पताल उपाधीक्षक डॉ अनवर हुसैन, स्वास्थ्य प्रबंधक जुल्ले अशरफ, प्रभारी डीक्यूएसी सुमन सिन्हा एवं सदर अस्पताल की पूरी टीम उपस्थित थे.

सदर अस्पताल तैयारियों में अव्वल

सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ अनवर हुसैन ने कहा कि हमने कायाकल्प योजना के मानकों को ध्यान में रखते हुए व्यापक तैयारियां की हैं. मरीजों को लगातार बेहतर सुविधाएं देने के साथ-साथ स्वच्छता और संक्रमण नियंत्रण पर विशेष ध्यान दिया गया है. इस अंकेक्षण से हमें अपनी सेवाओं को और बेहतर बनाने का अवसर मिलेगा. अंकेक्षण टीम द्वारा दिए गए सुझावों के आधार पर भविष्य में अस्पताल के इंफ्रास्ट्रक्चर को और मजबूत किया जाएगा. साथ ही चिकित्सा उपकरणों की नियमित जांच, मरीजों के लिए अतिरिक्त सुविधाएं, और स्वास्थ्यकर्मियों के व्यवहार में सुधार के लिए विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाएंगे.

कायाकल्प योजना के लाभ

सिविल सर्जन डॉ राजेश कुमार ने कहा कि कायाकल्प योजना से न केवल स्वास्थ्य संस्थानों की छवि में सुधार हो रहा है, बल्कि इससे मरीजों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं भी मिल रही है. सदर अस्पताल इस अंकेक्षण में अपनी प्रतिबद्धता और तैयारियों के साथ खरा उतरेगा. हमारी प्राथमिकता है कि हर मरीज को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण में इलाज मिले. सदर अस्पताल ने कायाकल्प योजना के तहत मरीजों को बेहतर सेवाएं देने और स्वच्छता के उच्च मानकों को बनाए रखने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दिखाई है. अंकेक्षण टीम ने अस्पताल प्रशासन की तैयारियों की सराहना की और इसे स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया. कायाकल्प योजना के तहत, स्वास्थ्य संस्थानों में स्वच्छता और संक्रमण नियंत्रण को प्राथमिकता दी जाती है. इस योजना से न केवल अस्पतालों की छवि में सुधार हो रहा है, बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता भी बढ़ रही है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन