सावन में भीषण गर्मी और उमस का असर, टेढ़ागाछ पीएचसी में रोज पहुंच रहे 200 मरीज
टेढ़ागाछ पीएचसी में लगी मरीजों की भीड़ | Prabhat Khabar Network
किशनगंज में भीषण गर्मी और उमस के कारण सर्दी, खांसी और बुखार के मरीजों की संख्या में भारी वृद्धि हुई है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।
किशनगंज : टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र में इन दिनों भीषण गर्मी और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. मौसम में लगातार बदलाव और अत्यधिक गर्मी के कारण घर-घर लोग सर्दी, खांसी, जुकाम, बुखार और बदन दर्द जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं. इसका सीधा असर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र टेढ़ागाछ में भी देखने को मिल रहा है, जहां पिछले कुछ दिनों से मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है.
आपके शहर में
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग इलाज के लिए पहुंच रहे हैं. मरीजों में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक शामिल हैं. अस्पताल पहुंचने वाले अधिकांश मरीज सर्दी-खांसी, बुखार, जुकाम, सिरदर्द और बदन दर्द की शिकायत कर रहे हैं.
प्रतिदिन करीब 200 मरीजों की हो रही जांच
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार ने बताया कि भीषण गर्मी और मौसम में बदलाव के कारण मौसमी बीमारियों से पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़ रही है. प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रतिदिन करीब 200 मरीजों की जांच की जा रही है. जांच के बाद मरीजों की स्थिति के अनुसार आवश्यक दवाइयां और उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है.
उन्होंने लोगों से अपील की कि अत्यधिक गर्मी के दौरान बिना जरूरी काम के घर से बाहर निकलने से बचें. जरूरी होने पर शरीर को अच्छी तरह ढककर बाहर निकलें और पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें. धूप में अधिक समय तक रहने से बचने के साथ साफ-सफाई और खान-पान पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी गयी.
चिकित्सकों के अनुसार मौसम में अचानक बदलाव के कारण वायरल और मौसमी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है. ऐसे में बुखार, लगातार खांसी या अन्य स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर लापरवाही न बरतें और समय पर चिकित्सकीय सलाह लेकर इलाज कराएं. अस्पताल प्रबंधन की ओर से मरीजों को आवश्यक उपचार और दवाइयां उपलब्ध करायी जा रही हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए