किशनगंज में 1.30 करोड़ के मादक पदार्थ जब्त: बहादुरगंज के लोहागाड़ा हाट से आरोपित गिरफ्तार

Updated:
विज्ञापन

प्रेस वार्ता करते एसपी संतोष कुमार | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

किशनगंज पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 1.30 करोड़ रुपये की ड्रग्स जब्त की है. बहादुरगंज थाना क्षेत्र से एक कुख्यात तस्कर बल्लू गिरी को गिरफ्तार किया गया है, जिसके पास से भारी मात्रा में ब्राउन शुगर और एमडीएमए बरामद हुआ है. यह अभियान सीमावर्ती इलाकों में चल रहे ड्रग्स सिंडिकेट पर नकेल कसने का एक महत्वपूर्ण कदम है.

विज्ञापन

सीमांचल के सीमावर्ती किशनगंज जिले में मादक पदार्थों के अवैध नेटवर्क के खिलाफ जिला पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी और निर्णायक कार्रवाई की है. बहादुरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत लोहागाड़ा हाट में पुलिस ने सघन छापेमारी करते हुए एक कुख्यात मादक पदार्थ तस्कर को दबोचा है.

विज्ञापन

गिरफ्तार तस्कर के ठिकाने से अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगभग 1 करोड़ 30 लाख रुपये आंकी गई 405 ग्राम उच्च गुणवत्ता वाली ब्राउन शुगर और 183 ग्राम पार्टी ड्रग्स एमडीएमए (MDMA) की बड़ी खेप बरामद की गई है. इस भारी बरामदगी के बाद सीमावर्ती क्षेत्रों में सक्रिय ड्रग्स सिंडिकेट में हड़कंप मच गया है.

एसपी को मिली थी गोपनीय सूचना, बनी विशेष एएनटीएफ टीम

किशनगंज के पुलिस अधीक्षक (एसपी) संतोष कुमार को पुख्ता गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि बहादुरगंज थाना क्षेत्र के लोहागाड़ा हाट निवासी एक व्यक्ति अपने आवासीय परिसर से बड़े पैमाने पर प्रतिबंधित मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री और तस्करी का अवैध धंधा संचालित कर रहा है.

सूचना की सत्यता प्रमाणित होने के उपरांत एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ-2 मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और बहादुरगंज थाना पुलिस की एक संयुक्त विशेष छापेमारी टीम गठित की गई.

लोहागाड़ा हाट में दबिश, घर से पकड़ा गया तस्कर बल्लू गिरी

विशेष पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से लोहागाड़ा हाट स्थित चिन्हित मकान की चारों तरफ से घेराबंदी कर अचानक दबिश दी. छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से मुख्य तस्कर बल्लू गिरी (पिता- स्वर्गीय खगेश्वर गिरी, निवासी लोहागाड़ा हाट, थाना बहादुरगंज) को रंगे हाथ दबोच लिया.

घर की विधिवत तलाशी लेने पर पुलिस अधिकारियों की आंखें फटी रह गईं. कमरे के भीतर छुपाकर रखे गए 405 ग्राम ब्राउन शुगर और 183 ग्राम एमडीएमए (MDMA) पैकेट बरामद किए गए.

देशी कट्टा, दो तलवारें, नकदी और डेबिट कार्ड भी जब्त

मादक पदार्थों के अलावा तस्कर के ठिकाने से हथियारों और वित्तीय लेन-देन से जुड़े कई अहम उपकरण भी जब्त किए गए हैं. पुलिस ने मौके से:

  • एक अवैध देशी कट्टा
  • दो धारदार तलवारें
  • 1 लाख 1 हजार रुपये नकद (ड्रग्स बिक्री से अर्जित राशि)
  • तस्करी में प्रयुक्त 6 टचस्क्रीन स्मार्टफोन
  • विभिन्न बैंकों के 6 एक्टिव डेबिट कार्ड
  • नशीले पदार्थों की सटीक तौल के लिए इस्तेमाल होने वाला एक डिजिटल इलेक्ट्रॉनिक तराजू

जब्त कर सील कर दिया है.

सप्लाई चेन के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक खंगाल रही पुलिस: एसपी

एसपी संतोष कुमार ने शुक्रवार को समाहरणालय स्थित पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान इस बड़ी कामयाबी का खुलासा किया. एसपी ने बताया कि जिला पुलिस सीमाई क्षेत्र में नशे के सौदागरों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत निरंतर अभियान चला रही है. बरामद मादक पदार्थों की कुल अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 1.30 करोड़ रुपये है.

एसपी ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी बल्लू गिरी ने अंतरराज्यीय व सीमा पार से ड्रग्स मंगाने और स्थानीय युवाओं में इसकी खुदरा बिक्री करने का जुर्म स्वीकार किया है. पुलिस अब इस पूरे रैकेट के मुख्य सरगना, सप्लायरों और खरीदारों (बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज) का तकनीकी विश्लेषण कर रही है.

इसके साथ ही आरोपी के बैंक खातों और उसके पुराने आपराधिक इतिहास की गहन जांच की जा रही है. इस संदर्भ में बहादुरगंज थाने में कांड संख्या 597/26 दर्ज कर एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट के तहत अग्रतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन