रात दो बजे रफ्तार का कहर : एनएच-327 पर प्याज लदा ट्रक पलटा, सर्विस रोड पर घंटों जाम
कुर्लीकोट थाना क्षेत्र के पावर हाउस के समीप एनएच-327 की पश्चिमी सर्विस रोड पर पलटा प्याज लदा ट्रक.
Kishanganj Truck Accident: किशनगंज के कुर्लीकोट थाना क्षेत्र में एनएच-327 पर देर रात प्याज लदा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया. हादसे में बैरिकेड और स्ट्रीट लाइट पोल क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि पश्चिमी सर्विस रोड पर घंटों जाम लगा रहा.
ठाकुरगंज (किशनगंज) से बच्छराज नखत की रिपोर्ट:
Kishanganj Truck Accident: किशनगंज जिले के कुर्लीकोट थाना क्षेत्र में गुरुवार की मध्यरात्रि करीब 2 बजे एक तेज रफ्तार प्याज लदा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया. हादसा पावर हाउस के समीप एनएच-327 पर हुआ, जहां सिलीगुड़ी की ओर जा रहा ट्रक मुख्य हाईवे से उतरकर पश्चिमी सर्विस रोड पर पलट गया. दुर्घटना के बाद सर्विस रोड पर लंबा जाम लग गया, जो खबर लिखे जाने तक जारी रहा.
बैरिकेड और स्ट्रीट लाइट पोल भी टूटे
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक की रफ्तार काफी तेज थी. नियंत्रण खोने के बाद ट्रक ने पहले हाईवे पर लगे लोहे के बैरिकेड को तोड़ा और फिर स्ट्रीट लाइट के पोल को क्षतिग्रस्त करते हुए सर्विस रोड पर पलट गया. हादसे में ट्रक में लदा प्याज सड़क पर बिखर गया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया.
पुलिस और क्रेन की मदद से हटाया जा रहा ट्रक
घटना की सूचना मिलते ही कुर्लीकोट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात बहाल कराने में जुट गई. ट्रक को हटाने के लिए क्रेन की सहायता ली जा रही है. सड़क पर बिखरे प्याज और पलटे वाहन के कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही.
चालक और खलासी सुरक्षित
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुर्घटना में चालक और खलासी को मामूली चोटें आई हैं. दोनों की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है. पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है. प्रथम दृष्टया तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे यह हादसा हुआ.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए