किशनगंज के शिक्षक शहजाद अनवर राजा को मिलेगा राजकीय शिक्षक सम्मान-2026
फोटो- शिक्षक शहजाद अनवर राजा | Prabhat Khabar Network
किशनगंज के मध्य विद्यालय बेलवा काशीपुर के प्रभारी प्रधानाध्यापक शहजाद अनवर राजा को 2026 के राजकीय शिक्षक सम्मान के लिए चुना गया है। यह सम्मान उन्हें डिजिटल शिक्षा, खेल-आधारित सीखने और छात्राओं के सशक्तिकरण में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए दिया जाएगा।
किशनगंज. जिले के सदर प्रखंड स्थित मध्य विद्यालय बेलवा काशीपुर के प्रभारी प्रधानाध्यापक शहजाद अनवर राजा को वर्ष 2026 का राजकीय शिक्षक सम्मान प्रदान किया जाएगा. राज्य स्तर पर चयनित कुल 38 शिक्षकों को शिक्षक दिवस के अवसर पर 5 सितंबर को पटना स्थित श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में आयोजित समारोह में सम्मानित किया जाएगा.
आपके शहर में
चयन की खबर से विद्यालय और क्षेत्र में खुशी
शहजाद अनवर राजा के राजकीय शिक्षक सम्मान के लिए चयनित होने की खबर मिलते ही मध्य विद्यालय बेलवा काशीपुर, माध्यमिक विद्यालय बेलवा काशीपुर सहित आसपास के क्षेत्र में खुशी का माहौल है. विद्यालय के शिक्षक, छात्र, अभिभावक और स्थानीय लोगों ने इसे पूरे किशनगंज जिले के लिए गौरव का विषय बताया है.
गुणवत्तापूर्ण और डिजिटल शिक्षा के लिए मिला सम्मान
विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने के साथ डिजिटल एवं आईसीटी आधारित शिक्षण के क्षेत्र में किए गए कार्यों को उनके चयन का महत्वपूर्ण आधार माना गया है. इसके अलावा नवाचारी गतिविधियों के माध्यम से बच्चों की सीखने की प्रक्रिया को रोचक और प्रभावी बनाने की दिशा में भी उन्होंने सक्रिय भूमिका निभाई है.
खेल और अनुभवात्मक शिक्षा को भी दिया बढ़ावा
शहजाद अनवर राजा ने विद्यार्थियों के लिए केवल पारंपरिक शिक्षा तक सीमित रहने के बजाय खेल और अनुभवात्मक शिक्षा को भी प्रोत्साहित किया. बच्चों को गतिविधियों और व्यावहारिक अनुभव के माध्यम से सीखने के लिए प्रेरित करने के प्रयास किए गए.
छात्राओं के सशक्तीकरण और सामुदायिक भागीदारी पर जोर
विद्यालय में छात्राओं के सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के साथ सामुदायिक सहभागिता के क्षेत्र में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही है. विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने और विभिन्न सामाजिक एवं जागरूकता अभियानों को विद्यालय से जोड़ने के लिए भी उन्होंने काम किया.
शिक्षक बोले, विद्यार्थियों और सहयोगियों का है योगदान
राजकीय शिक्षक सम्मान के लिए चयनित होने पर शहजाद अनवर राजा ने प्रसन्नता व्यक्त की. उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि उनके विद्यार्थियों, सहकर्मियों, अभिभावकों और क्षेत्र के लोगों से मिले स्नेह एवं सहयोग का परिणाम है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए