न बोरिंग इतिहास, न रट्टा मारने की जरूरत! बच्चों को अपनी मिट्टी से रूबरू कराएगी प्रेम पीयूष की अनोखी किताब
फोटो- पुस्तक का विमोचन करते अतिथि व अन्य
बिहार म्यूजियम में 'Discover Bihar' नामक एक नई पुस्तक का लोकार्पण हुआ है। यह पुस्तक बच्चों को बिहार के इतिहास, संस्कृति, प्रकृति और आधुनिक पहचान से रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से परिचित कराएगी। इसका उद्देश्य बच्चों में अपने राज्य के प्रति जिज्ञासा और जुड़ाव पैदा करना है।
बच्चों को बिहार के इतिहास, विरासत, प्रकृति, संस्कृति और आधुनिक पहचान से रोचक तरीके से परिचित कराने वाली पुस्तक ‘Discover Bihar’ का बिहार म्यूजियम में औपचारिक लोकार्पण किया गया. बिहार म्यूजियम के महानिदेशक अंजनी कुमार सिंह ने पुस्तक का लोकार्पण किया.
आपके शहर में
स्कूलों और सरकारी संस्थानों तक पुस्तक पहुंचाने पर जोर
लोकार्पण के अवसर पर अंजनी कुमार सिंह ने पुस्तक की प्रस्तुति, अवधारणा और इसे तैयार करने में किए गए प्रयासों की सराहना की. उन्होंने कहा कि पुस्तक को अधिक से अधिक बच्चों तक पहुंचाने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि इसे स्कूलों और सरकारी संस्थानों तक ले जाया जाना चाहिए, ताकि बच्चे रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से बिहार को जान और समझ सकें. उन्होंने निजी स्कूलों से भी इसे पाठ्यक्रम और लर्निंग एक्टिविटीज का हिस्सा बनाने की अपील की.
बच्चों के लिए बिहार के विविध पहलुओं को एक साथ किया गया प्रस्तुत
पटना म्यूजियम के अतिरिक्त निदेशक अशोक कुमार सिन्हा ने पुस्तक की तैयारी के दौरान महत्वपूर्ण सुझाव और प्रतिक्रिया दी. उन्होंने ‘Discover Bihar’ में बिहार के विभिन्न पहलुओं को व्यापक रूप से शामिल कर बच्चों के सामने एक साथ प्रस्तुत करने के प्रयास की सराहना की. स्कूल ऑफ डिजाइन के प्रोफेसर, कम्युनिकेशन डिजाइन के प्रोफेसर और फाउंडेशन स्टडीज के निदेशक प्रोफेसर अमिताभ पांडेय ने भी पुस्तक की अवधारणा को सराहा. उन्होंने कहा कि ऐसी पुस्तक सरकारी कार्यक्रमों के माध्यम से बड़ी संख्या में बच्चों तक पहुंचनी चाहिए.
लंबे शोध और समीक्षा के बाद तैयार हुई पुस्तक
‘Discover Bihar’ के लेखक प्रेम पियूष ने बताया कि पुस्तक को तैयार करने में लंबे समय तक शोध किया गया. इसे कई चरणों में समीक्षा और सुधार के बाद अंतिम रूप दिया गया. उन्होंने कहा कि पुस्तक तैयार करने के पीछे मुख्य उद्देश्य बच्चों और बिहार के बीच एक रोचक संवाद स्थापित करना है. बच्चे देश-दुनिया के कई स्थानों के बारे में पढ़ते हैं, लेकिन अपने ही राज्य को जानने और खोजने का रोचक अवसर उन्हें अक्सर नहीं मिल पाता.
पहेलियां, ड्राइंग और गतिविधियों के जरिए जानेंगे बिहार
पुस्तक में पहेलियों, ड्राइंग, ऑब्जर्वेशन और अन्य रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को बिहार के इतिहास, विरासत, वन्यजीव, त्योहार, खान-पान और आधुनिक स्थलों से परिचित कराया गया है. इसका उद्देश्य बच्चों को केवल बिहार के बारे में जानकारी देना नहीं, बल्कि उन्हें अपने राज्य को खोजने, समझने, अनुभव करने और लंबे समय तक याद रखने का अवसर देना है.
किताब पढ़ने के साथ बिहार को खोजने का अवसर
लेखक के अनुसार ‘Discover Bihar’ को इस तरह तैयार किया गया है कि बच्चे इसे सिर्फ एक सामान्य किताब की तरह न पढ़ें, बल्कि विभिन्न गतिविधियों में शामिल होकर बिहार की विविधता और विरासत को स्वयं खोजें. पुस्तक के माध्यम से बच्चों में अपने राज्य के प्रति जिज्ञासा, समझ और जुड़ाव पैदा करने का प्रयास किया गया है. लोकार्पण कार्यक्रम में पुस्तक की अवधारणा, उपयोगिता और इसे अधिक से अधिक बच्चों तक पहुंचाने की संभावनाओं पर भी चर्चा की गई.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए