किशनगंज में पूरी तरह सक्रिय हुआ मानसून, झमाझम बारिश के आसार, किसानों के खिले चेहरे

Updated:
विज्ञापन

आसमान में छाए बादल

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

Kishanganj Monsoon Update: किशनगंज में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है. अगले 48 घंटे तक जिले के सभी सातों प्रखंडों में बारिश और गरज-चमक की संभावना है.

विज्ञापन

किशनगंज से गौरव कुमार की रिपोर्ट

Kishanganj Monsoon Update: जिले में लंबे इंतजार के बाद मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है. शनिवार सुबह से आसमान घने काले बादलों से ढका रहा और मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया. भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे लोगों को राहत मिली है. मौसम विभाग के अनुसार जिले के सभी सातों प्रखंडों में शनिवार को रुक-रुक कर बारिश होने की प्रबल संभावना है. कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ मध्यम से तेज बारिश और तेज हवाएं भी चल सकती हैं.

सातों प्रखंड में बारिश की संभावना

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार किशनगंज, ठाकुरगंज, बहादुरगंज, टेढ़ागाछ, दिघलबैंक, पोठिया और कोचाधामन प्रखंडों में दिनभर बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं. अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. ठंडी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को उमस से काफी राहत मिली है.

विज्ञापन

अगले 48 घंटे तक सक्रिय रहेगा मानसून

मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 से 48 घंटे तक जिले में मानसूनी गतिविधियां तेज बनी रहेंगी. इस दौरान कई इलाकों में तेज बारिश, गरज-चमक और हवाएं चलने की संभावना है. यदि यही स्थिति बनी रही तो जिले में मानसून की शुरुआत कृषि के लिहाज से काफी लाभदायक साबित होगी.

किसानों के लिए राहत की खबर

लगातार बारिश की संभावना से किसानों में उत्साह का माहौल है. जिले के अधिकांश क्षेत्रों में धान की रोपाई का कार्य जारी है और किसान अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे थे. कृषि विशेषज्ञों के अनुसार पर्याप्त वर्षा होने से खेतों में नमी बढ़ेगी, धान सहित खरीफ फसलों को लाभ मिलेगा और सिंचाई पर होने वाला अतिरिक्त खर्च भी कम होगा.

जलजमाव और बिजली गिरने की आशंका

बारिश से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी, वहीं लगातार वर्षा होने की स्थिति में शहर के निचले इलाकों, बाजारों और ग्रामीण सड़कों पर जलजमाव की समस्या भी उत्पन्न हो सकती है. मौसम विभाग ने गरज-चमक के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों के नीचे और जलाशयों के आसपास नहीं जाने की सलाह दी है. किसानों से भी खराब मौसम के दौरान खेतों में काम करने से बचने की अपील की गई है.

राहत के साथ नई उम्मीद

मानसून के सक्रिय होने से जिले में मौसम सुहाना हो गया है. आने वाले दो दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है. इससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी, वहीं खेती-किसानी को भी नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है.

और पढ़ें: सीमांचल के चाय बागानों पर लूपर कैटरपिलर का कहर, महंगी दवा भी हो रही बेअसर

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन