पोठिया में अंतरराज्यीय चोर गिरोह बेनकाब, मकान मालिक की पहरेदारी ने बिगाड़ा खेल
फोटो- पुलिस गिरफ्त में आरोपित व बरामद सामान. | Prabhat Khabar Network
इस्लामपुर में लगातार दो दिनों तक सीसीटीवी कैमरे चोरी होने के बाद मकान मालिक की पहरेदारी ने चोरों को पकड़वा दिया। एक आरोपित को बैटरी के साथ दबोचा गया, जिसकी निशानदेही पर बंगाल से चोरी का सामान बरामद हुआ।
इस्लामपुर-पोठिया मुख्य सड़क के आमबागान स्थित मौजा चरखाकाटी में अबुताहा कमर के मकान में लगे करीब आधा दर्जन सीसीटीवी कैमरे 19 अगस्त को अज्ञात चोरों ने चोरी कर लिए थे. इस संबंध में पीड़ित ने पोठिया थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी. इसके बाद मकान मालिक ने दोबारा मकान की दीवारों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाए, लेकिन 21 अगस्त को चोरों ने फिर कैमरे चोरी कर लिए. मामले में पोठिया थाना कांड संख्या 300/26 दर्ज किया गया.
आपके शहर में
बैट्री के साथ एक आरोपित को पकड़ा
लगातार दो दिनों तक चोरी होने के बाद मकान मालिक अबुताहा कमर स्वयं मकान की निगरानी कर रहे थे. 25 अगस्त की सुबह करीब नौ बजे इस्लामपुर आश्रमपाड़ा के छह युवक कथित तौर पर चोरी करने पहुंचे. इसी दौरान विकास राय को बैट्री के साथ पकड़ लिया गया. इसके बाद डायल-112 पर सूचना दी गई. सूचना मिलते ही पोठिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और विकास राय को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की.
निशानदेही पर बंगाल से बरामद हुआ चोरी का सामान
पुलिस के अनुसार, विकास राय से पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर पश्चिम बंगाल के गुंजरिया गांव में छापेमारी की गई. यहां से चोरी के पांच सीसीटीवी कैमरे और एक इन्वर्टर बरामद करते हुए बबलू को गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपितों ने चोरी की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की है.
गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी
थानाध्यक्ष कैप्टन संजय पांडे ने बताया कि पूछताछ के दौरान गिरफ्तार विकास राय से उसके अन्य साथियों के संबंध में जानकारी मिली. इसके आधार पर पुलिस ने कुछ ही घंटों में कार्रवाई करते हुए बबलू को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद किया. पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.
बंगाल और सीमावर्ती बिहार में घरों को बनाते थे निशाना
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार दोनों युवक एक अंतरराज्यीय चोर गिरोह से जुड़े हैं. यह गिरोह पश्चिम बंगाल और सीमावर्ती बिहार के इलाकों में घरों को निशाना बनाता था. मामले में पोठिया थाना कांड संख्या 305/26 भी दर्ज किया गया है. दोनों आरोपितों को बुधवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
चोरी पर नियंत्रण के लिए अभियान जारी
पुलिस का कहना है कि थाना क्षेत्र में चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अभियान जारी रहेगा. गिरोह के फरार सदस्यों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आपराधिक गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए