भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी और पुलिस का नशा मुक्ति अभियान, युवाओं को नशे से दूर रहने की अपील
नशा मुक्ति अभियान के दौरान लोगों को जागरूक करते एसएसबी व पुलिस अधिकारी.
India Nepal Border SSB campaign: भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी, बिहार पुलिस और नेपाल पुलिस ने संयुक्त रूप से नशा मुक्ति जागरूकता अभियान चलाकर युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील की.
किशनगंज से गौरव कुमार की रिपोर्ट
India Nepal Border SSB campaign: भारत-नेपाल सीमा पर स्थित टेढ़ागाछ प्रखंड के एसएसबी बीओपी फतेहपुर की ओर से मादक पदार्थों के दुरुपयोग और अवैध तस्करी के खिलाफ व्यापक नशा मुक्ति जागरूकता अभियान चलाया गया. अभियान में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), बिहार पुलिस और नेपाल पुलिस फोर्स ने संयुक्त रूप से भाग लिया. इस दौरान स्थानीय लोगों और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया.

मुख्य बातें
एसएसबी, बिहार पुलिस और नेपाल पुलिस ने चलाया संयुक्त अभियान
अभियान का नेतृत्व एसएसबी बीओपी फतेहपुर के इंस्पेक्टर राज कुमार, फतेहपुर थाना की एसआई अदाहरी लोसो, थानाध्यक्ष सृष्टि तथा नेपाल एपीएफ के एएसआई अनिल कुमार ने संयुक्त रूप से किया. अधिकारियों ने सीमावर्ती क्षेत्रों में मादक पदार्थों की रोकथाम और जनजागरूकता को लेकर लोगों से सहयोग की अपील की.
युवाओं को नशे से दूर रहने का दिया संदेश
अधिकारियों ने कहा कि नशे की लत व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और समाज पर गंभीर दुष्प्रभाव डालती है. नशीले पदार्थों का सेवन न केवल शारीरिक और मानसिक क्षति पहुंचाता है, बल्कि अपराध और सामाजिक असुरक्षा को भी बढ़ावा देता है. उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की.
अभिभावकों और समाज की भूमिका पर दिया जोर
अभियान के दौरान अधिकारियों ने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त में आने से बचाने के लिए अभिभावकों, शिक्षकों और समाज के सभी वर्गों को मिलकर प्रयास करना होगा. लोगों से अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी नशे के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया गया.
नशा मुक्त समाज बनाने का लिया संकल्प
एसएसबी एवं पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए सुरक्षा एजेंसियां लगातार सतर्क हैं. आमजन के सहयोग से इस अभियान को और प्रभावी बनाया जा सकता है. कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने नशा मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया और नशा मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने का भरोसा जताया.
और पढ़ें: ठाकुरगंज हाईस्कूल में बना ओपन जिम, सुविधा मिली लेकिन अधूरी तैयारी ने खड़े किए कई सवाल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










