गलगलिया में अकीदत के साथ निकला जुलूस-ए-मोहम्मदी, अमन और भाईचारे का दिया संदेश
जुलूस में शामिल युवा व थानाध्यक्ष राकेश कुमार | Prabhat Khabar Network
सीमावर्ती गलगलिया में ईद-ए-मिलादुन्नबी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया. इस अवसर पर मुस्लिम समुदाय ने जुलूस-ए-मोहम्मदी निकालकर पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब को याद किया और अमन, शांति व भाईचारे का संदेश दिया. आयोजन में सभी समुदायों ने सौहार्द की मिसाल पेश की.
किशनगंज, गलगलिया से विवेक चौधरी की रिपोर्ट. पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिवस के अवसर पर बुधवार को सीमावर्ती क्षेत्र गलगलिया में ईद-ए-मिलादुन्नबी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया. इस अवसर पर विभिन्न इलाकों से बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला. जुलूस में शामिल लोगों ने पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब को याद करते हुए अमन, शांति और आपसी भाईचारे का संदेश दिया.
आपके शहर में
लकड़ी डिपो से निकला जुलूस, बाजार सहित विभिन्न इलाकों से गुजरा
जुलूस में लकड़ी डिपो, बक्सरवीटा, ठीकाटोली, बांसमुनि, भातगांव, थारोधाधनी और ईदगाह टोला सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए. जुलूस लकड़ी डिपो से शुरू होकर गलगलिया बाजार, घोषपाड़ा, पुराना बस स्टैंड और सिंघियाजोत होते हुए विभिन्न इलाकों से गुजरा. इस दौरान लोग धार्मिक नारों के साथ पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते रहे.

मस्जिद और कब्रिस्तानों में हुई फातिहा
जुलूस के समापन के बाद विभिन्न मस्जिदों और कब्रिस्तानों में फातिहा का आयोजन किया गया. ईदगाह और मस्जिदों में फातिया का सामान भी वितरित किया गया. लोगों ने देश और समाज में अमन-चैन, खुशहाली तथा आपसी भाईचारे के लिए दुआ की.
सुरक्षा व्यवस्था रही पुख्ता
जुलूस को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे. गलगलिया थानाध्यक्ष राकेश कुमार पुलिस बल के साथ जुलूस के दौरान मौजूद रहे और पूरे मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे. भारत-नेपाल सीमा पर तैनात एसएसबी 41वीं वाहिनी के जवानों ने भी सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग किया. पुलिस और एसएसबी की निगरानी के बीच जुलूस शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ.
सभी समुदायों ने पेश की भाईचारे की मिसाल
ईद-ए-मिलादुन्नबी के आयोजन में विभिन्न समुदायों के लोगों ने आपसी सौहार्द और भाईचारे की मिसाल पेश की. भातगांव मुखिया प्रतिनिधि मुन्ना सिंह और पंचायत समिति प्रतिनिधि मनोज कुमार गिरी समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने जुलूस में शामिल होकर लोगों को पर्व की शुभकामनाएं दीं.
कमेटी के सदस्यों ने निभाई सक्रिय भूमिका
जुलूस को सफल बनाने में भातगांव कमेटी के मोहम्मद शहजादा, मोहम्मद मुस्ताक आलम, पिंकू अली, मोहम्मद जियाबुल, मोहम्मद सोहेल, मोहम्मद रज्जाक समेत कमेटी के सदस्यों, युवाओं और स्थानीय लोगों की सक्रिय भूमिका रही. आयोजन के दौरान शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने में स्थानीय लोगों ने भी सहयोग किया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए