डीएम नवीन कुमार ने लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन का दिया निर्देश, दीपावली से पहले स्कूल-पीएचसी होंगे दुरुस्त

Updated:
विज्ञापन

बैठक करते जिलाधिकारी व बैठक में शामिल अन्य अधिकारी | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

किशनगंज के जिलाधिकारी नवीन कुमार ने जिला स्तरीय बैठक में विभिन्न विभागों के लंबित मामलों की समीक्षा की. उन्होंने अधिकारियों को प्राथमिकता वाले मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, साथ ही दीपावली से पहले स्कूलों और पीएचसी में मरम्मत और रंग-रोगन का कार्य पूरा करने को कहा.

विज्ञापन

किशनगंज. जिलाधिकारी नवीन कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को जिला, अनुमंडल एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों के साथ जिला समन्वय समिति की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में विभिन्न विभागों के लंबित मामलों, आवेदनों और योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई. डीएम ने अधिकारियों को प्राथमिकता वाले मामलों का त्वरित और समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

विज्ञापन

जनशिकायत और लंबित पत्रों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश

समीक्षा के दौरान जिला विधिक प्रशाखा से जुड़े मामलों और विभिन्न कार्यालयों में लंबित पत्रों के निष्पादन पर चर्चा हुई. जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ईज ऑफ लिविंग, मुख्यमंत्री जनता दरबार, लोक सेवाओं का अधिकार अधिनियम पोर्टल और डीएम जनता दरबार में प्राप्त आवेदनों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए. उन्होंने कहा कि आम लोगों से जुड़े मामलों के निष्पादन में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए और संबंधित विभागों को समय सीमा के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित करनी होगी.

भूमि विवाद के आदेशों के अनुपालन की हुई समीक्षा

भूमि सुधार उप समाहर्ता के न्यायालय से पारित आदेशों के अनुपालन की भी समीक्षा की गई. डीएम ने संबंधित अधिकारियों को पुलिस बल के साथ आवश्यक समन्वय स्थापित कर न्यायालय के आदेशों का नियमानुसार पालन सुनिश्चित करने को कहा.

भूमिहीन आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए जमीन चिह्नित करने का निर्देश

बैठक में जिले के भूमिहीन आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए भूमि उपलब्ध कराने के मुद्दे पर भी चर्चा हुई. जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को ऐसे केंद्रों के लिए जल्द से जल्द उपयुक्त भूमि चिह्नित करने का निर्देश दिया. इसके अलावा आंगनबाड़ी केंद्रों के भवन निर्माण, शौचालय, पेयजल और विद्युत व्यवस्था की भी समीक्षा की गई. जर्जर विद्यालय भवनों में संचालित केंद्रों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करने से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई.

पेंशन और भरण-पोषण मामलों के लिए लगेंगे शिविर

सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की समीक्षा करते हुए डीएम ने भरण-पोषण और पेंशन से जुड़े लंबित मामलों का शिविर लगाकर शत-प्रतिशत निष्पादन कराने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों का जीवन प्रमाणीकरण समय पर पूरा कराया जाए, ताकि पेंशन भुगतान में अनावश्यक बाधा नहीं आए.

एसी-डीसी बिलों के समायोजन पर जोर

जिलाधिकारी ने सभी विभागों को लंबित एसी-डीसी बिलों का जल्द से जल्द शत-प्रतिशत समायोजन करने का निर्देश दिया. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को वित्तीय मामलों में लंबित प्रक्रियाओं को प्राथमिकता के साथ पूरा करने को कहा.

दीपावली से पहले स्कूल और पीएचसी होंगे दुरुस्त

त्योहारों के मौसम को देखते हुए डीएम ने शिक्षा, स्वास्थ्य, पीएचईडी और कल्याण विभाग के अधिकारियों को दीपावली से पहले सभी विद्यालयों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और सरकारी भवनों में जरूरी मरम्मत एवं रंग-रोगन का कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि सरकारी भवनों में आवश्यक बुनियादी सुविधाएं दुरुस्त रहनी चाहिए, ताकि आम लोगों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें.

सीमावर्ती गांवों की समस्याओं की भी होगी निगरानी

सीमावर्ती क्षेत्रों के चयनित गांवों में प्रतिनियुक्त अधिकारियों को जल्द निरीक्षण रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया. रिपोर्ट के आधार पर स्थानीय स्तर की समस्याओं की पहचान कर उनके समाधान की दिशा में कार्रवाई की जाएगी.

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े अधिकारी

बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता राजस्व, अपर समाहर्ता विभागीय जांच, अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला स्थापना उप समाहर्ता, डीपीओ योजना और आईटी मैनेजर सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े. इसके अलावा कृषि, स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग के पदाधिकारी तथा सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचल अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन