ठाकुरगंज अमृत भारत स्टेशन का हो रहा कायाकल्प, लेकिन एंट्री गेट पर क्यों उठे सवाल? जाने पूरा मामला कि क्यों पीएम को भेजना पड़ा पत्र ?
डी आर एम के नाम का ज्ञापन ठाकुरगंज स्टेशन मास्टर को सोपते रेल यात्री समिति सदस्य | Prabhat Khabar Network
ठाकुरगंज रेलवे स्टेशन के अमृत भारत योजना के तहत कायाकल्प के दौरान मुख्य प्रवेश द्वार की चौड़ाई को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. रेल यात्री समिति ने भविष्य की जरूरतों को देखते हुए इसे 10 मीटर चौड़ा करने की मांग की है.
ठाकुरगंज : अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत ठाकुरगंज रेलवे स्टेशन का कायाकल्प चल रहा है, लेकिन निर्माण के बीच मुख्य प्रवेश द्वार की चौड़ाई को लेकर सवाल खड़े हो गये हैं. रेल यात्री समिति का कहना है कि भविष्य की जरूरतों को देखते हुए प्रवेश मार्ग कम से कम 10 मीटर चौड़ा होना चाहिए, जबकि मौजूदा निर्माण करीब 7 मीटर चौड़ाई में किया जा रहा है.
आपके शहर में
समिति ने इसे आने वाले समय में यात्रियों, पैदल राहगीरों और वाहनों की आवाजाही से जुड़ी गंभीर समस्या बताते हुए तत्काल तकनीकी निरीक्षण कराने की मांग की है.
7 मीटर रास्ता आज ठीक, कल बन सकता है परेशानी
ठाकुरगंज रेल यात्री समिति के अध्यक्ष बच्चराज नखत ने प्रधानमंत्री के नाम पत्र भेजकर मामले में हस्तक्षेप की मांग की है. समिति के अनुसार मुख्य प्रवेश द्वार से एक साथ दोनों दिशाओं से वाहन और पैदल यात्री गुजरेंगे. मौजूदा यात्रियों की संख्या को देखते हुए 7 मीटर की चौड़ाई फिलहाल पर्याप्त लग सकती है, लेकिन भविष्य में यात्री और वाहनों की संख्या बढ़ने पर यही रास्ता संकरा पड़ सकता है.
समिति का तर्क है कि अमृत भारत स्टेशन का निर्माण लंबे समय की जरूरतों को ध्यान में रखकर किया जा रहा है, इसलिए प्रवेश मार्ग में अभी से पर्याप्त चौड़ाई छोड़ी जानी चाहिए.
रेल रेस्टोरेंट का कोच भी बना अड़चन
प्रवेश द्वार की चौड़ाई को लेकर सबसे बड़ा सवाल स्टेशन परिसर में रखे रेल रेस्टोरेंट के कोच को लेकर है. समिति के अनुसार मुख्य प्रवेश द्वार से सटे होने के कारण यह कोच उपलब्ध जगह को प्रभावित कर रहा है. समिति ने सुझाव दिया है कि यदि कोच अनुपयुक्त है तो इसे हटाया जाए या स्टेशन परिसर में किसी उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित किया जाए.
उद्घाटन की जल्दबाजी में भविष्य की परेशानी न हो
समिति ने 30 सितंबर के प्रस्तावित उद्घाटन लक्ष्य का उल्लेख करते हुए कहा कि उद्घाटन एक दिन का कार्यक्रम है, लेकिन प्रवेश द्वार की समस्या यात्रियों को वर्षों तक प्रभावित कर सकती है.
समिति का कहना है कि यदि अभी कम जगह छोड़ी गयी और बाद में कोच हटाने या निर्माण में बदलाव की जरूरत पड़ी, तो दोबारा निर्माण पर खर्च के साथ यात्रियों को भी परेशानी उठानी पड़ेगी.
10 मीटर चौड़े प्रवेश द्वार की मांग
रेल यात्री समिति ने मांग की है कि भविष्य की यात्री संख्या और यातायात को ध्यान में रखते हुए मुख्य प्रवेश द्वार को कम से कम 10 मीटर चौड़ा किया जाए. समिति का कहना है कि अमृत भारत स्टेशन का नया स्वरूप ऐसी व्यवस्था के साथ तैयार होना चाहिए, जो आने वाले वर्षों की जरूरतों को पूरा कर सके.
यह भी पढ़ें : दिघलबैंक के 83 मोतियाबिंद मरीज नि:शुल्क ऑपरेशन के लिए नेपाल रवाना, लौटेगी आंखों की रोशनी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए