बीपी मंडल सेतु से कोसी नदी में कूदा 32 वर्षीय युवक, दो दिन बाद भी नहीं मिला सुराग, पत्नी-बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल

Updated:
विज्ञापन

कोसी नदी में लापता युवक की तलाश करती एसडीआरएफ टीम.। | Prabhat Khabar Network

एक युवक ने बीपी मंडल सेतु से कोसी नदी में छलांग लगा दी, और दो दिन बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला है. एसडीआरएफ की टीम तेज धारा के बावजूद तलाशी अभियान चला रही है, जबकि युवक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.

विज्ञापन

बेलदौर थाना क्षेत्र के बीपी मंडल सेतु से एक सितंबर की आधी रात को कोसी नदी में छलांग लगाने वाला युवक दो दिन बाद भी लापता है. घटना के बाद एसडीआरएफ की टीम लगातार नदी में संभावित स्थानों पर तलाशी अभियान चला रही है. नदी की तेज धारा और गहराई के कारण रेस्क्यू टीम को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. इधर, युवक के लापता होने के बाद उसकी पत्नी और तीन छोटे बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है.

आपके शहर में

विज्ञापन

राजधाम गांव का रहने वाला है लापता युवक

लापता युवक की पहचान महेशखूंट थाना क्षेत्र के राजधाम गांव निवासी गोपाल सिंह के 32 वर्षीय पुत्र प्रीतम कुमार के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार प्रीतम कुमार एनएच-107 पर खारो धार से पहले दुकान खोलकर वाहनों की सर्विसिंग का काम करता था. एक सितंबर की रात वह बीपी मंडल सेतु पर पहुंचा और संदिग्ध परिस्थितियों में कोसी नदी में छलांग लगा दी.

घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. इसके बाद एसडीआरएफ की टीम कोसी नदी में युवक की तलाश के लिए पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया.

कर्ज के कारण तनाव में था प्रीतम

प्रीतम के पिता गोपाल सिंह ने बताया कि उनके बेटे पर कई लाख रुपये का कर्ज था. कर्ज को लेकर वह पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में चल रहा था. इसी तनाव के बीच एक सितंबर की आधी रात वह बीपी मंडल सेतु पर पहुंचा और कोसी नदी में छलांग लगा दी.

हालांकि, नदी में छलांग लगाने से पहले उसके साथ क्या हुआ और उसने यह कदम क्यों उठाया, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी सामने नहीं आयी है. पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है.

तेज धारा के कारण तलाश में आ रही परेशानी

घटना के बाद से एसडीआरएफ के जवान लगातार कोसी नदी में तलाशी अभियान चला रहे हैं. नदी की तेज धारा और अधिक गहराई के कारण रेस्क्यू टीम को अभियान में काफी परेशानी आने की बात बतायी जा रही है. जवान संभावित स्थानों पर लगातार युवक की तलाश कर रहे हैं, लेकिन समाचार प्रेषण तक प्रीतम का कोई सुराग नहीं मिल सका था.

पत्नी और तीन बच्चों को वापसी का इंतजार

प्रीतम के लापता होने के बाद उसकी पत्नी विनीता कुमारी की स्थिति बेहद खराब है. वह लगातार पति के सकुशल लौटने की उम्मीद लगाए बैठी है. वहीं, दो छोटे पुत्रों और एक पुत्री को भी अपने पिता के लौटने का इंतजार है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

घटना के बाद राजधाम गांव में भी मायूसी का माहौल है. परिजन और ग्रामीण लगातार एसडीआरएफ के तलाशी अभियान पर नजर बनाए हुए हैं और युवक के मिलने की उम्मीद कर रहे हैं.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन