बाढ़ग्रस्त इलाकों में त्वरित इलाज के लिए तैयार फ्लोटिंग एंबुलेंस, अगुवानी में ओपीडी और डिलीवरी की सुविधा
फोटो- फ्लोटिंग एंबुलेंस का निरिक्षण करते अधिकारी | Prabhat Khabar Network
प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग बाढ़ग्रस्त इलाकों में आपात चिकित्सा के लिए फ्लोटिंग एंबुलेंस की तैयारी कर रहे हैं. सफल ट्रायल के बाद, यह जलजमाव में भी मरीजों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाएगी.
खगड़िया, परबत्ता. प्रखंड के बाढ़ग्रस्त इलाकों में आपात स्थिति के दौरान लोगों को त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने तैयारी तेज कर दी है. बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जरूरत के अनुसार फ्लोटिंग एंबुलेंस की तैनाती की जाएगी. जलजमाव और आवागमन बाधित होने की स्थिति में भी मरीजों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए इसका इस्तेमाल किया जाएगा.
आपके शहर में
श्रावणी मेला में सफल रहा था फ्लोटिंग एंबुलेंस का ट्रायल
बताया जाता है कि श्रावणी मेला के दौरान अगुवानी घाट पर कांवरियों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से फ्लोटिंग एंबुलेंस का ट्रायल किया गया था. ट्रायल सफल रहने के बाद अब बाढ़ की स्थिति को देखते हुए इसका उपयोग प्रभावित इलाकों में चिकित्सा सेवा पहुंचाने के लिए किए जाने की तैयारी है.
अगुवानी में ओपीडी के साथ डिलीवरी की भी सुविधा
अगुवानी में तैनात फ्लोटिंग एंबुलेंस में आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करायी गयी हैं. चिकित्सा प्रभारी पदाधिकारी डॉ. कशिश ने बताया कि यहां ओपीडी सेवा के अलावा डिलीवरी टेबल की भी व्यवस्था की गयी है. डॉक्टर, सीएचओ, एएनएम सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती की गयी है, जो सुबह से शाम तक लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएंगे.
उन्होंने बताया कि जरूरत पड़ने पर मरीजों के लिए एंबुलेंस की सुविधा भी उपलब्ध करायी जाएगी. इससे गंभीर मरीजों को समय रहते सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र या जिला अस्पताल पहुंचाने में मदद मिलेगी.
आपात स्थिति में सतर्क रहने का निर्देश
फ्लोटिंग एंबुलेंस पर उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं और तैनात कर्मियों की व्यवस्था का अंचलाधिकारी हरिनाथ राम एवं चिकित्सा प्रभारी पदाधिकारी ने निरीक्षण किया. अधिकारियों ने स्वास्थ्यकर्मियों को आपात स्थिति को देखते हुए हर समय सतर्क रहने का निर्देश दिया. साथ ही जरूरतमंद मरीजों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने को कहा.
बाढ़ के दौरान स्वास्थ्य सेवा पहुंचाना होगी चुनौती
बाढ़ के दौरान कई इलाकों में सड़क संपर्क बाधित होने की स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाना चुनौती बन जाता है. ऐसे में फ्लोटिंग एंबुलेंस के जरिए प्रभावित क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की तैयारी की गयी है. प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की इस व्यवस्था से बाढ़ प्रभावित लोगों को आपात स्थिति में स्थानीय स्तर पर चिकित्सा सुविधा मिलने की उम्मीद है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए