खरैता गांव के पास सड़क पर जलजमाव से परेशानी, पानी के बीच से गुजरने को मजबूर राहगीर

Updated:
विज्ञापन

जलजमाव के बीच जाते राहगीर | Prabhat Khabar Network

खरैता गांव के पास सड़क पर जलजमाव ने ग्रामीणों का जीना मुश्किल कर दिया है। बारिश के बाद कई दिनों तक पानी भरा रहने से राहगीरों को परेशानी हो रही है। दुकानदारों का कारोबार भी प्रभावित है।

विज्ञापन

चौथम (खगड़िया). प्रखंड अंतर्गत ठूठी पंचायत के खरैता गांव के समीप सड़क पर जलजमाव लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गया है. बारिश होते ही सड़क पर पानी जमा हो जाता है और कई दिनों तक निकासी नहीं होने के कारण राहगीरों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ता है. सड़क पर जलजमाव से स्थानीय दुकानदारों का कारोबार प्रभावित हो रहा है. वहीं नवादा घाट से धमारा घाट तक आने-जाने वाले लोगों को भी काफी परेशानी उठानी पड़ रही है.

आपके शहर में

विज्ञापन

बारिश के बाद कई दिनों तक जमा रहता है पानी

ग्रामीणों के अनुसार खरैता गांव के समीप सड़क की स्थिति बरसात के दिनों में बेहद खराब हो जाती है. बारिश होने के बाद सड़क पर पानी जमा हो जाता है, जिसकी निकासी कई दिनों तक नहीं हो पाती. इससे पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है. बाइक और साइकिल सवारों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ता है.

जलजमाव से बाइक सवारों के गिरने का खतरा

सड़क पर पानी जमा रहने के कारण कई बाइक सवार संतुलन बिगड़ने से गिरकर चोटिल हो चुके हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि पानी के नीचे सड़क पर बने गड्ढों का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. राहगीरों को मजबूरी में जलजमाव वाले हिस्से से होकर गुजरना पड़ता है.

दुकानदारों का कारोबार भी हो रहा प्रभावित

जलजमाव का असर सड़क किनारे स्थित दुकानों पर भी पड़ रहा है. पानी जमा रहने के कारण दुकानों तक पहुंचने में लोगों को परेशानी होती है, जिससे स्थानीय दुकानदारों का कारोबार प्रभावित हो रहा है. ग्रामीणों के अनुसार नवादा घाट से धमारा घाट के बीच आवागमन के लिए यह मार्ग महत्वपूर्ण है, इसलिए जलजमाव की समस्या का जल्द समाधान जरूरी है.

हर साल बरसात में बनती है यही स्थिति

स्थानीय अशोक साह, रुपेश साह, संतोष साह, नागो सिंह, सज्जन सिंह, मुरारी सिंह, रेणु देवी एवं सीता देवी ने बताया कि खरैता गांव के समीप जलजमाव की समस्या कोई नई नहीं है. हर साल बारिश के मौसम में सड़क पर पानी जमा हो जाता है. स्थायी जलनिकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण समस्या जस की तस बनी हुई है.

पहल नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी

ग्रामीणों का आरोप है कि बार-बार परेशानी सामने आने के बावजूद अब तक किसी जनप्रतिनिधि या संबंधित अधिकारी ने समस्या के समाधान की दिशा में गंभीर पहल नहीं की है. लोगों का कहना है कि जलजमाव के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है, लेकिन इसके बावजूद स्थायी समाधान नहीं किया गया है.

तत्काल जलनिकासी और स्थायी समाधान की मांग

स्थानीय लोगों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मौके का निरीक्षण कराने की मांग की है. ग्रामीणों ने कहा कि तत्काल सड़क से पानी निकासी की व्यवस्था करायी जाए, ताकि राहगीरों को राहत मिल सके. साथ ही भविष्य में हर बारिश के दौरान जलजमाव की स्थिति उत्पन्न नहीं हो, इसके लिए स्थायी जलनिकासी की व्यवस्था कराने की मांग की गयी है.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन