बागमती नदी का कटाव सड़क के बेहद करीब, नवादा-धमारा मार्ग पर मंडरा रहा खतरा

Updated:
विज्ञापन

फोटो- कटाव देखते ग्रामीण | Prabhat Khabar Network

बागमती नदी का लगातार बढ़ता कटाव नवादा घाट से धमारा घाट जाने वाली मुख्य सड़क के लिए बड़ा खतरा बन गया है. सड़क किनारे तेजी से हो रहे कटाव को लेकर ग्रामीणों में भय का माहौल है. यदि तत्काल बचाव कार्य शुरू नहीं हुआ तो यह महत्वपूर्ण मार्ग बागमती की धारा में समा सकता है.

विज्ञापन

चौथम (खगड़िया) से धीरज सिंह बंटू की रिपोर्ट. प्रखंड की ठूठी पंचायत अंतर्गत खरैता डोमासी वार्ड संख्या 13 के समीप बागमती नदी का कटाव लगातार विकराल होता जा रहा है. नदी की तेज धारा अब नवादा घाट से धमारा घाट जाने वाली महत्वपूर्ण सड़क के बेहद करीब पहुंच गयी है. सड़क किनारे तेजी से हो रहे कटाव को देखते हुए आशंका है कि तत्काल बचाव कार्य शुरू नहीं किया गया तो सड़क का बड़ा हिस्सा कभी भी बागमती की धारा में समा सकता है. कटाव की भयावह स्थिति को लेकर आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों में दहशत का माहौल है.

आपके शहर में

विज्ञापन

लगातार बढ़ रहा कटाव, ग्रामीणों में दहशत

स्थानीय पवन सिंह, जमेदार सिंह, दीपो सिंह, मृत्युंजय कुमार, शंभू सिंह, अनिल महतो सहित अन्य लोगों ने बताया कि नदी का कटाव लगातार बढ़ रहा है. कटाव के कारण सड़क के किनारे की मिट्टी तेजी से नदी में धंस रही है. ग्रामीणों के अनुसार इसकी सूचना जनप्रतिनिधियों से लेकर विधायक तक को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कटाव को रोकने के लिए कोई ठोस पहल शुरू नहीं हो सकी है.

सड़क टूटी तो कई गांवों का आवागमन होगा प्रभावित

नवादा घाट से धमारा घाट को जोड़ने वाली यह सड़क क्षेत्र के लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है. यदि सड़क का हिस्सा नदी में समा जाता है तो ठूठी, मोहनपुर, सोहरवा, शीशवा सहित आसपास के कई गांवों के लोगों का धमारा घाट की ओर आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो जाएगा. लोगों को आने-जाने के लिए वैकल्पिक और लंबा रास्ता अपनाना पड़ेगा. इससे ग्रामीणों की परेशानी बढ़ने के साथ क्षेत्र के आवागमन पर भी व्यापक असर पड़ सकता है.

समय रहते नहीं चेता प्रशासन तो बढ़ेगी परेशानी

ग्रामीणों ने कहा कि कटाव अभी सड़क के बेहद करीब पहुंच चुका है और लगातार मिट्टी नदी में धंस रही है. ऐसे में प्रशासन को किसी बड़े हादसे या सड़क के पूरी तरह टूटने का इंतजार नहीं करना चाहिए. लोगों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से तत्काल कटाव स्थल का निरीक्षण कर युद्धस्तर पर कटावरोधी कार्य शुरू कराने की मांग की है.

सड़क बचाने के लिए तत्काल कटावरोधी कार्य की मांग

ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते कटाव पर रोक लगाने के लिए आवश्यक कदम नहीं उठाया गया तो सड़क टूटने के बाद उत्पन्न होने वाली समस्या को संभालना काफी मुश्किल हो जाएगा. लोगों ने प्रशासन से मौके की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई करने और महत्वपूर्ण सड़क को बागमती नदी की धारा में समाने से बचाने की मांग की है.

Also Read: “बऊआ कहीं ना मिलल…”, नेपाल बाढ़ त्रासदी में भाई को ढूंढ़ने गये वीरेंद्र खाली हाथ लौटे

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन