खगड़िया में मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़, हथियार बनाने के उपकरण बरामद

नन्हकू मंडल टोला बहियार से बरामद हथियार के साथ पुलिस पदाधिकारी.
खगड़िया जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मिनी गन फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है. छापेमारी के दौरान हथियार बनाने के उपकरण बरामद हुए, हालांकि मुख्य आरोपी पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल रहा. पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए सघन तलाशी अभियान चला रही है.
खगड़िया : जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अवैध मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन किया है. पुलिस अधीक्षक भानु प्रताप सिंह के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान के दौरान नन्हकू मंडल टोला बहियार में छापेमारी कर हथियार बनाने में प्रयुक्त कई उपकरण बरामद किए गए. हालांकि मुख्य आरोपित पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया.
एसपी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में नन्हकू मंडल निवासी लल्लन यादव के पुत्र अभ्यास यादव द्वारा बहियार में अवैध हथियार निर्माण का कार्य किए जाने की जानकारी मिली थी. छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक देशी कट्टा, मशीन, हैंड ड्रिल मशीन, ब्लेड लगा हैक्सा, लकड़ी और लोहे की शीट तथा लोहे की तीन पाइप सहित हथियार बनाने में प्रयुक्त आठ प्रकार के उपकरण बरामद किए.
पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपित खेतों और नदी का फायदा उठाकर फरार हो गया. उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. इस मामले में मुफस्सिल थाना कांड संख्या 102/26 के तहत आर्म्स एक्ट में प्राथमिकी दर्ज की गई है. कार्रवाई का नेतृत्व थानाध्यक्ष अमरजीत प्रताप सिंह एवं पुलिस पदाधिकारी संगीता कुमारी ने सशस्त्र बल के साथ किया.
24 घंटे में 26 आरोपित गिरफ्तार, शराब और हथियार बरामद
जिले में अपराध नियंत्रण के लिए चलाए गए विशेष अभियान के तहत पुलिस ने 24 घंटे में 26 आरोपितों को गिरफ्तार किया. इनमें हत्या के प्रयास के दो, अपहरण के एक तथा अन्य मामलों के 23 आरोपित शामिल हैं.
अभियान के दौरान 44.88 लीटर विदेशी शराब, 10 लीटर देसी शराब तथा एक देशी कट्टा बरामद किया गया. साथ ही 22 गैर-जमानती वारंट, तीन कुर्की और आठ इस्तेहार का निष्पादन किया गया. वाहन जांच अभियान में 354 वाहनों की जांच कर यातायात नियमों के उल्लंघन पर तीन हजार रुपये जुर्माना भी वसूला गया.
तीन वांछित आरोपितों ने न्यायालय में किया आत्मसमर्पण
पुलिस की लगातार दबिश का असर अब दिखने लगा है. हत्या, लूट और आर्म्स एक्ट के तीन वांछित आरोपितों ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया है.
एसपी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि मुफस्सिल थाना के आर्म्स एक्ट मामले में शीतल कुमार, परबत्ता थाना के हत्या मामले में बेलनंद दास तथा गोगरी थाना के लूट व आर्म्स एक्ट मामले में सूरज कुमार ने न्यायालय में सरेंडर किया है. उन्होंने कहा कि अपराधियों के विरुद्ध विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By राजकिशोर सिंह
राजकिशोर सिंह प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. अभी प्रभात खबर के खगड़िया कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति, राजनीति की खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










