गोगरी में नगर परिषद की लापरवाही : लाखों खर्च के बाद भी सड़क पर फैला कचरा, सफाई व्यवस्था फेल

Updated:
विज्ञापन
गोगरी में नगर परिषद की लापरवाही : लाखों खर्च के बाद भी सड़क पर फैला कचरा, सफाई व्यवस्था फेल

गोगरी नगर परिषद के जमालपुर बाजार में लगा कचरे का अंबार | Prabhat Khabar Network

गोगरी में नगर परिषद की लापरवाही के कारण सड़कों पर कचरे का ढेर लगा है। सफाई व्यवस्था फेल होने से बीमारियों का खतरा बढ़ा, स्थानीय लोग परेशान।

विज्ञापन

गोगरी (खगड़िया). शहर इन दिनों स्वच्छता संकट से गुजर रहा है. शहर के लगभग हर वार्ड, गली और प्रमुख सड़क पर कचरे के ढेर नजर आ रहे हैं. लगातार जमा हो रहे कूड़े और बदहाल सफाई व्यवस्था ने आम लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर परिषद नियमित रूप से कचरा उठाव सुनिश्चित करने में विफल साबित हो रही है. वार्ड से बाजार तक फैली गंदगी शहर के वार्ड नंबर 1 से लेकर वार्ड नंबर 36 तक कई स्थानों पर कचरे का अंबार लगा हुआ है. जमालपुर मुख्य बाजार, ऑटो स्टैंड और शैक्षणिक संस्थानों के आसपास स्थिति और भी चिंताजनक बताई जा रही है.

कई जगहों पर कई दिनों से नहीं उठाया जा रहा कचरा

कई जगहों पर दिनों तक कचरा नहीं उठने के कारण सड़ांध फैल रही है, जिससे आसपास रहने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सफाई कर्मियों की कमी और निगरानी के अभाव में समस्या लगातार बढ़ती जा रही है. बढ़ रहा बीमारियों का खतरा बरसात के मौसम में गंदगी की समस्या और गंभीर रूप ले सकती है. कचरे के साथ पानी मिलकर सड़कों पर फैल जाता है, जिससे जलजमाव की स्थिति बनती है. इससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है और डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा भी मंडरा रहा है.

अस्पताल में बढ़ रही मरीजों की संख्या

इधर गोगरी अनुमंडलीय अस्पताल गोगरी में भी बुखार और संक्रमण से पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़ने की चर्चा है. स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि यदि सफाई व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं हुआ तो स्थिति और गंभीर हो सकती है. व्यापारियों की भी बढ़ी परेशानी गंदगी का असर स्थानीय कारोबार पर भी पड़ रहा है. नगर परिषद के गोगरी और जमालपुर बाजार क्षेत्रों में कचरे के ढेर के कारण ग्राहकों का आना-जाना प्रभावित हो रहा है. कई दुकानदारों का कहना है कि वे निजी स्तर पर सफाई करवाते हैं, लेकिन कुछ दिनों बाद फिर वही स्थिति बन जाती है. व्यापारियों का मानना है कि स्वच्छ बाजार से ही ग्राहकों का भरोसा और कारोबार दोनों मजबूत होते हैं.

सफाई व्यवस्था बेहतर बनाने को किये जा रहे प्रयास : अधिकारी

नगर परिषद गोगरी के अधिकारियों का कहना है कि सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. अधिकारियों के अनुसार घर-घर कचरा संग्रहण और वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन की नई योजना पर काम चल रहा है. हालांकि शहर की मौजूदा तस्वीर इन दावों पर सवाल खड़े कर रही है. लोगों की मांग है कि नियमित कचरा उठाव, सफाई कर्मियों की जवाबदेही और निगरानी व्यवस्था को मजबूत किया जाए.

ALSO READ टीएमबीयू में शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति से हड़कंप: नए सत्र को लेकर 6 प्रोफेसरों का हुआ तबादला, अधिसूचना जारी


विज्ञापन
रणवीर कुमार

लेखक के बारे में

By रणवीर कुमार

रणवीर कुमार प्रिंट माध्यम में 13 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. गोगरी (खगड़िया) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन