गोगरी में बाढ़ के पानी में डूबे 70 वर्षीय किसान का शव दो दिन बाद मिला, परिवार में मचा कोहराम

Updated:
विज्ञापन

मौके पर मौजूद पुलिस और स्थानीय लोग | Prabhat Khabar Network

गोगरी के इमादपुर गांव में बाढ़ के पानी में डूबे 70 वर्षीय किसान बुच्ची सिंह का शव दो दिन की तलाश के बाद बरामद किया गया. पशुओं के लिए चारा लाने दियारा गए बुजुर्ग की मौत से परिवार और गांव में शोक की लहर है.

विज्ञापन

गोगरी (खगड़िया) : थाना क्षेत्र के इमादपुर बिंदटोली गांव में बाढ़ के पानी में डूबे 70 वर्षीय बुजुर्ग किसान बुच्ची सिंह का शव दो दिन बाद सोमवार की सुबह बरामद किया गया. स्थानीय लोगों और गोताखोरों की मदद से शव मिलने के बाद गांव में हड़कंप मच गया, वहीं परिजनों में कोहराम मच गया.

आपके शहर में

विज्ञापन

पशुओं के लिए चारा लाने दियारा गए थे बुच्ची सिंह

मृतक के पुत्र मूनमून सिंह ने बताया कि उनके पिता शनिवार को पशुओं के लिए चारा लाने इमादपुर दियारा गए थे. देर रात तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की. आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की गयी, लेकिन बुच्ची सिंह का कोई पता नहीं चला.

इसके बाद सोमवार की सुबह स्थानीय लोगों और गोताखोरों की मदद से बाढ़ के पानी से उनका शव बरामद किया गया.

मौके पर मौजूद पुलिस और स्थानीय लोग | Prabhat Khabar Network
मौके पर मौजूद पुलिस और स्थानीय लोग | Prabhat Khabar Network

पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव

घटना की सूचना मिलने के बाद गोगरी थाना में पदस्थापित एसआई प्रेम प्रकाश पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, खगड़िया भेज दिया.

आपदा राहत के तहत मिलेगी सहायता राशि

गोगरी सीओ आमिर हुसैन ने बताया कि बुजुर्ग की बाढ़ के पानी में डूबने से मौत की जानकारी मिली है. उन्होंने कहा कि प्राथमिकी दर्ज होने और राजस्व कर्मचारी की रिपोर्ट के आधार पर सरकार की ओर से मिलने वाली आपदा राहत राशि का चेक पीड़ित परिवार को दिया जायेगा.

हादसे के बाद परिवार में मातम

बुच्ची सिंह का शव मिलने के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना से इमादपुर बिंदटोली गांव में भी मातम का माहौल है. बाढ़ के बीच पशुओं के लिए चारा लाने निकले बुजुर्ग की मौत ने ग्रामीणों की चिंता और बढ़ा दी है.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन