खगड़िया: उत्तर बिहार और नेपाल की लाइफलाइन 'बीपी मंडल सेतु' जर्जर, बड़े-बड़े गड्ढों से हादसों का बढ़ा खतरा
फोटो -बीपी मंडल सेतु का जड़ जड़ पथ। | Prabhat Khabar Network
उत्तर बिहार को नेपाल से जोड़ने वाला बीपी मंडल सेतु जर्जर हालत में है. पुल पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानी हो रही है. रात में हादसों का खतरा बढ़ जाता है.
खगड़िया, बेलदौर. उत्तर बिहार को सीमावर्ती देश नेपाल से जोड़ने वाले महत्वपूर्ण बीपी मंडल सेतु की हालत इन दिनों जर्जर हो गयी है. क्षेत्र की लाइफलाइन माने जाने वाले इस सेतु की सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गये हैं. इससे पुल से गुजरने वाले राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. ग्रामीणों के अनुसार जर्जर सड़क के कारण आए दिन ऑटो, बाइक समेत अन्य वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं और अब तक कई लोग घायल हो चुके हैं.
पांच वर्ष पहले हुई ग्राउटिंग भी उखड़ी
स्थानीय लोगों का कहना है कि करीब पांच वर्ष पहले सेतु के जीर्णोद्धार के दौरान करायी गयी ग्राउटिंग अब पूरी तरह उखड़ चुकी है. पुल के कई हिस्सों में सड़क जर्जर दिखाई दे रही है. जगह-जगह बने गड्ढों के कारण खासकर दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है.
रात में बढ़ जाता है हादसे का खतरा
ग्रामीणों के अनुसार दिन के समय वाहन चालक किसी तरह गड्ढों से बचकर निकल जाते हैं, लेकिन रात में स्थिति ज्यादा खतरनाक हो जाती है. पर्याप्त दृश्यता नहीं होने के कारण गड्ढों का अंदाजा लगाना मुश्किल होता है. इससे दोपहिया वाहन चालकों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा और बढ़ जाता है.
2010 में क्षतिग्रस्त होने से प्रभावित हुआ था संपर्क
ग्रामीणों ने बताया कि वर्ष 2010 में बीपी मंडल सेतु के क्षतिग्रस्त होने के बाद उत्तर बिहार के बड़े हिस्से का संपर्क प्रभावित हो गया था. उस समय सहरसा, मधेपुरा, सुपौल, भीमनगर, राघोपुर, नेपाल और खगड़िया के बेलदौर प्रखंड क्षेत्र के लोगों को आवागमन में काफी परेशानी हुई थी. लोगों को लंबे समय तक वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ा था.
जर्जर स्थिति देखकर पुराने हालात की चिंता
स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्तमान में सेतु की हालत देखकर एक बार फिर पुराने हालात लौटने की आशंका बढ़ गयी है. सड़क की लगातार खराब होती स्थिति को समय रहते नहीं सुधारा गया तो समस्या और गंभीर हो सकती है. लोगों का कहना है कि पुल की मरम्मत में देरी किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है.
मरम्मत की मांग, कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
ग्रामीणों ने पथ निर्माण विभाग और जिला प्रशासन से मामले का अविलंब संज्ञान लेकर बीपी मंडल सेतु की सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है. लोगों का कहना है कि पुल क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है और इसकी बदहाली को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए. ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि समय रहते मरम्मत नहीं करायी गयी और कोई बड़ा हादसा हुआ तो स्थिति गंभीर हो सकती है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए