कज्जलवन में बाढ़ राहत की जीआर सूची पर सवाल, अपात्र लोगों के नाम शामिल होने की शिकायत, जांच में जुटे बीडीओ-सीओ
स्थल का निरीक्षण करते बीडीओ व सीओ. | Prabhat Khabar Network
कज्जलवन में बाढ़ राहत सूची को लेकर शिकायत सामने आई है, जिसमें अपात्र लोगों के नाम शामिल होने का आरोप है. वार्ड प्रतिनिधि ने अंचल अधिकारी को आवेदन देकर सूची की भौतिक सत्यापन की मांग की है. बीडीओ और सीओ ने कज्जलवन पहुंचकर स्थल निरीक्षण किया है और जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी.
जोरावरपुर पंचायत के वार्ड संख्या 16 और 17 स्थित कज्जलवन में बाढ़ राहत के तहत तैयार जीआर सूची को लेकर शिकायत सामने आयी है. वार्ड प्रतिनिधि राजीव कुमार ने सूची में कथित रूप से अपात्र लोगों के नाम शामिल किये जाने का आरोप लगाते हुए अंचल अधिकारी को आवेदन दिया है. उन्होंने सूची में शामिल सभी लाभुकों का भौतिक सत्यापन कराने की मांग की है.
बाढ़ से प्रभावित नहीं हुए घरों के नाम होने का आरोप

वार्ड प्रतिनिधि ने अपने आवेदन में कहा है कि कज्जलवन में बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए तैयार जीआर सूची में कुछ ऐसे लोगों के नाम भी शामिल हैं, जिनके घर कथित तौर पर बाढ़ के पानी से प्रभावित नहीं हुए थे. शिकायतकर्ता ने प्रशासन से सूची की जांच कर वास्तविक रूप से प्रभावित परिवारों को ही राहत का लाभ देने की मांग की है.
बीडीओ-सीओ ने कज्जलवन पहुंचकर किया स्थल निरीक्षण
शिकायत मिलने के बाद बीडीओ संतोष कुमार पंडित और सीओ हरिनाथ राम कज्जलवन पहुंचे. अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जीआर सूची में शामिल कुछ लोगों के घरों की स्थिति देखी और बाढ़ से हुए नुकसान की जानकारी ली. निरीक्षण के दौरान कुछ ऐसे मामले सामने आने की बात कही गयी, जिनमें घर के बाढ़ से प्रभावित नहीं होने का दावा किया गया है.
जांच के बाद ही स्पष्ट होगी वास्तविक स्थिति
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि फिलहाल पूरे मामले की जांच चल रही है. स्थल सत्यापन के साथ जीआर सूची का मिलान कराया जायेगा. जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि सूची में कितने ऐसे लोगों के नाम शामिल हैं, जो राहत के लिए पात्र नहीं हैं.
गड़बड़ी मिली तो होगी कार्रवाई
बीडीओ और सीओ ने कहा कि जांच के दौरान यदि किसी स्तर पर अनियमितता सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी. प्रशासन के स्थल सत्यापन के बाद अब ग्रामीणों की नजर जांच के नतीजे पर टिकी है. जांच पूरी होने के बाद ही जीआर सूची में वास्तविक लाभुकों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए