दिल्ली से मजदूरी कर घर लौट रहे 19 वर्षीय युवक की कटिहार स्टेशन पर मौत, गांव में पसरा मातम
घर पर रोते-बिलखते परिजन, इनसेट में मृत युवक मोहम्मद नदीम की तस्वीर.
दिल्ली से मजदूरी कर घर लौट रहे 19 वर्षीय युवक मोहम्मद नदीम की कटिहार स्टेशन पर ट्रेन से उतरते ही तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई. युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है.
अमदाबाद : अमदाबाद थाना क्षेत्र के गारद टोला गांव में एक युवक की मौत से मातम पसरा है. दिल्ली से मजदूरी कर परिजनों के साथ घर लौट रहे 19 वर्षीय युवक की शनिवार सुबह कटिहार स्टेशन पर अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गयी. मृतक की पहचान गारद टोला निवासी अब्दुल मतीन के पुत्र मोहम्मद नदीम के रूप में हुई है.
दो माह पहले मजदूरी के लिए गया था दिल्ली
परिजनों के अनुसार, मोहम्मद नदीम करीब दो माह पहले मजदूरी करने दिल्ली गया था. वहां उसकी तबीयत खराब हो गयी और उसे बुखार आने लगा. इसके बाद परिजनों ने उसे वापस घर बुलाने का फैसला किया. वह परिजनों के साथ ट्रेन से कटिहार लौट रहा था.
स्टेशन पर अचानक बिगड़ी तबीयत
बताया गया कि दिल्ली से कटिहार तक यात्रा के दौरान नदीम की स्थिति सामान्य थी. शनिवार सुबह करीब 4 बजे कटिहार स्टेशन पर ट्रेन से उतरने के बाद अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गयी. इसके बाद स्टेशन पर ही उसकी मौत हो गयी.
मृतक के चाचा मोफज्जल हुसैन ने बताया कि दिल्ली में नदीम को मामूली बुखार हुआ था. दिल्ली से कटिहार तक यात्रा के दौरान कोई बड़ी परेशानी नहीं हुई, लेकिन स्टेशन पर अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गयी और उसकी मौत हो गयी.
मौत की खबर मिलते ही परिवार में मचा कोहराम
नदीम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है. महज 19 वर्ष की उम्र में युवक की मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए