बारसोई में राजस्व कर्मचारी का कथित वीडियो वायरल, जांच की उठी मांग

Updated:
विज्ञापन
फोटो : वायरल वीडियो का स्क्रीनशॉट | Prabhat Khabar Network

वायरल वीडियो का स्क्रीनशॉट | Prabhat Khabar Network

बारसोई प्रखंड के बलतर पंचायत में एक राजस्व कर्मचारी का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें उन्हें एक थैली लेते हुए दिखाया गया है. इस वीडियो को दाखिल-खारिज के नाम पर रिश्वतखोरी से जोड़ा जा रहा है, जिसके बाद स्थानीय लोग निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं.

विज्ञापन

बारसोई प्रखंड के बलतर पंचायत में पदस्थापित एक राजस्व कर्मचारी का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है. वायरल वीडियो में राजस्व कर्मचारी एक काले रंग की थैली लेते हुए दिखाई दे रहे हैं. सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि थैली में 95 हजार रुपये थे तथा वीडियो में 5 हजार रुपये कम होने की भी चर्चा सुनाई दे रही है.

हालांकि, प्रभात खबर इस वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है.

सोशल मीडिया पर रिश्वतखोरी से जोड़कर किए जा रहे दावे

पूरे बारसोई प्रखंड में यह वीडियो चर्चा का विषय बना हुआ है. सोशल मीडिया पर कई लोग इसे दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) के नाम पर कथित रिश्वतखोरी से जोड़कर साझा कर रहे हैं. हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

ग्रामीणों ने लगाए पुराने आरोप

स्थानीय लोगों का कहना है कि बारसोई अंचल, विशेषकर बलतर पंचायत में दाखिल-खारिज के मामलों में कथित रूप से अवैध राशि मांगने की शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं. ग्रामीणों का आरोप है कि जमीन संबंधी कार्यों में बिचौलियों की सक्रियता के कारण आम लोगों को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ता है.

विधायक भी उठा चुकी हैं मुद्दा

ग्रामीणों के अनुसार, हाल ही में पंचायत समिति की बैठक में बलरामपुर की विधायक संगीता देवी ने भी दाखिल-खारिज के नाम पर राजस्व कर्मचारियों और कथित बिचौलियों द्वारा अवैध वसूली की शिकायतों पर चिंता जताते हुए प्रशासन से प्रभावी कार्रवाई की मांग की थी.

निष्पक्ष जांच की मांग

वायरल वीडियो के बाद स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है. उनका कहना है कि यदि वीडियो में किए जा रहे दावे सही पाए जाते हैं तो दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि प्रशासन पर लोगों का भरोसा कायम रहे.

क्या बोले अंचलाधिकारी

बारसोई के अंचलाधिकारी श्याम सुंदर साह ने कहा कि वायरल वीडियो की जानकारी मिली है. यह जांच का विषय है. उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति द्वारा विधिवत शिकायत दर्ज कराई जाती है तो मामले की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.


विज्ञापन
अरविंद गुप्ता

लेखक के बारे में

By अरविंद गुप्ता

अरविंद गुप्ता को पत्रकारिता में 14 वर्षों का अनुभव. पत्रकारिता के क्षेत्र में वर्ष 2012 से लगातार कार्य कार्यरत हैं. वर्तमान में कटिहार जिले के बारसोई से समाचार संकलन का कार्य कर रहे हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन