कटिहार में पोषण माह का शुभारंभ, आंगनबाड़ी केंद्रों से जिला स्तर तक होंगी विभिन्न गतिविधियां
पोषण माह का शुभारंभ करते डीएम व अन्य | Prabhat Khabar Network
कटिहार में पोषण माह 2026 का भव्य शुभारंभ किया गया है. यह विशेष माह 9 सितंबर से 8 अक्टूबर तक चलेगा, जिसमें जिले भर में पोषण-आधारित गतिविधियों का आयोजन होगा. हमारा उद्देश्य है कुपोषण मुक्त कटिहार का निर्माण.
कटिहार : जिले में पोषण माह 2026 का शुभारंभ बुधवार को किया गया. समाहरणालय सभाकक्ष में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी, सिविल सर्जन डॉ जितेंद्र नाथ सिंह और आईसीडीएस की जिला प्रोग्राम पदाधिकारी कुमारी पूर्णिमा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया.
कार्यक्रम के दौरान मंत्रालय स्तर से वेबकास्टिंग के माध्यम से केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री ने पोषण माह की थीम और इसके तहत होने वाली गतिविधियों की जानकारी दी.
9 सितंबर से 8 अक्टूबर तक चलेगा अभियान
डीएम आशुतोष द्विवेदी ने बताया कि 9 सितंबर से 8 अक्टूबर 2026 तक पूरे जिले में पोषण माह का आयोजन किया जायेगा. इसके तहत आंगनबाड़ी केंद्रों के साथ-साथ ग्राम, पंचायत, प्रखंड और जिला स्तर पर विषय आधारित गतिविधियां आयोजित होंगी.
पोषण माह 2026 का मुख्य विषय ‘हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ रखा गया है. इसके तहत आहार विविधता और पर्याप्त प्रोटीन, आंगनबाड़ी केंद्रों पर ताजा एवं गर्म पका भोजन, सामुदायिक स्वामित्व एवं जवाबदेही, बाल विकास के लिए पोषण एवं प्रारंभिक उद्दीपन तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के माध्यम से मातृ स्वास्थ्य के लिए नकद अंतरण जैसे विषयों पर जागरूकता गतिविधियां होंगी.
किशोरियों की एनीमिया जांच से पोषण मेले तक
जिला प्रोग्राम पदाधिकारी कुमारी पूर्णिमा ने सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों को प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर नियमित गतिविधियां सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया.
इसके तहत पोषण शपथ, पोषण मेला, किशोरियों के लिए एनीमिया जांच शिविर, स्तनपान परामर्श, अन्नप्राशन और गोदभराई कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे.
विभागों के समन्वय से कुपोषण मुक्त कटिहार का संकल्प
कार्यक्रम के अंत में स्वास्थ्य, शिक्षा, जनसंपर्क, जीविका, पंचायती राज, कृषि, पीएचईडी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने समन्वय के साथ काम कर कुपोषण मुक्त कटिहार बनाने का संकल्प लिया.
इस अवसर पर सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, महिला पर्यवेक्षिका और संबंधित विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी व कर्मी उपस्थित रहे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए