कटिहार-पूर्णिया सड़क चौड़ीकरण में लापरवाही, गड्ढों और फिसलन से बढ़ा हादसों का खतरा

सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान बोरी में मिट्टी भर रखकर सुरक्षा के नाम पर किया जा रहा कोरम | Prabhat Khabar Network
कटिहार-पूर्णिया NH-131A पर सड़क चौड़ीकरण का काम मौत का सबब बनता जा रहा है। अधूरे निर्माण, गहरे गड्ढे और सुरक्षा इंतजामों की कमी के कारण राहगीर, खासकर बाइक सवार, खतरे में हैं। बारिश ने समस्या को और बढ़ा दिया है, जिससे आवागमन मुश्किल हो गया है।
कटिहार-पूर्णिया पथ (एनएच-131ए) पर दलन से मनिहारी मोड़ होते हुए कुशवाहा चौक तक चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य में कथित लापरवाही के कारण राहगीरों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. सड़क किनारे गहरे गड्ढे खोदकर छोड़ दिए गए हैं, लेकिन कई स्थानों पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए हैं. इससे खासकर बाइक चालकों और पैदल यात्रियों के लिए दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि विभाग की ओर से कुछ स्थानों पर केवल मिट्टी से भरी बोरियां रखकर औपचारिक सुरक्षा व्यवस्था की गई है. रात के समय बिजली गुल होने पर गड्ढों का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे हादसों की आशंका और बढ़ जाती है. लोगों ने बताया कि करीब एक सप्ताह पहले शिवपुरी के पास एक बाइक चालक की जान भी इसी तरह की स्थिति में हुई दुर्घटना में चली गई थी.
बारिश से बढ़ी परेशानी, फिसलकर घायल हो रहे लोग
लगातार हो रही बारिश के कारण निर्माणाधीन सड़क पर कीचड़ और फिसलन बढ़ गई है. सड़क किनारे खोदे गए गड्ढों के कारण कई स्थानों पर आवागमन मुश्किल हो गया है. स्थानीय लोगों के अनुसार, सुरक्षा रिबन या बैरिकेडिंग नहीं होने से लोग गिरकर घायल हो रहे हैं. लोगों ने निर्माण एजेंसी से रात के समय भी स्पष्ट चेतावनी संकेत और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है.
दुकानदारों का कारोबार भी प्रभावित
सड़क किनारे चल रहे निर्माण कार्य का असर स्थानीय व्यापार पर भी पड़ रहा है. ट्रैक्टर, स्कूटी, फर्नीचर, हार्डवेयर, बिजली उपकरण और किराना दुकानों के संचालकों का कहना है कि ग्राहकों का आना-जाना काफी कम हो गया है. कई जगह गड्ढों के कारण दुकानों तक पहुंचने में भी लोगों को दिक्कत हो रही है.
संकरी सड़क से लग रहा जाम
निर्माण कार्य के चलते सड़क कई स्थानों पर संकरी हो गई है. बारिश और कीचड़ के कारण वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ रही है, जिससे अक्सर जाम की स्थिति बन रही है. स्थानीय लोगों ने मांग की है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए गड्ढों की उचित घेराबंदी और वैकल्पिक आवागमन की व्यवस्था की जाए.
क्या बोले सहायक अभियंता
आरसीडी के सहायक अभियंता एसके विश्वास ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण का कार्य तेजी से चल रहा है. गड्ढे खोदने के बाद सुरक्षा के लिए मिट्टी से भरी बोरियां रखी जा रही हैं. उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद सड़क चौड़ी होने से जाम की समस्या का स्थायी समाधान हो जाएगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










