रेलवे ने यात्री सुविधाओं से लेकर माल ढुलाई तक बनाया नया रिकॉर्ड, 14 जोड़ी नई ट्रेनें शुरू
अमृत भारत ट्रेन | Prabhat Khabar Network
पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने यात्री सेवाओं और माल ढुलाई में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। 14 नई ट्रेनें शुरू और बुनियादी ढांचे में हुआ बड़ा सुधार। पूरी खबर पढ़ें।
कटिहार : कटिहार रेल मंडल सहित पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के अन्य रेल मंडलों में वर्ष 2026 के दौरान यात्री सेवाओं, समय की पाबंदी, आधारभूत संरचना और माल परिवहन के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की गयी हैं. रेलवे की इन पहलों से पूर्वोत्तर क्षेत्र में रेल संपर्क मजबूत होने के साथ यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं.
आपके शहर में
14 जोड़ी नई ट्रेन सेवाएं शुरू
पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक 14 जोड़ी नयी ट्रेन सेवाएं शुरू की गयी हैं. इनमें वंदे भारत स्लीपर, अमृत भारत और मेल-एक्सप्रेस ट्रेनें शामिल हैं. यात्रियों की अतिरिक्त मांग को पूरा करने के लिए विशेष ट्रेनों के 674 फेरे चलाये गये, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 23 प्रतिशत अधिक हैं. इनमें बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए चलाये गये 92 फेरे भी शामिल हैं.
जुलाई में अगरतला और करीमगंज के बीच पहली मेमू ट्रेन सेवा शुरू की गयी. नियमित और विशेष ट्रेनों में यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त कोच भी जोड़े गये हैं.
49 ट्रेनों में पैंट्री सेवा
यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए 230 यात्री आरक्षण केंद्रों को नई पीढ़ी के चित्रात्मक इंटरफेस आधारित यात्री आरक्षण प्रणाली में बदला गया है. न्यू जलपाईगुड़ी और गुवाहाटी स्टेशनों पर भी यात्रियों के लिए नयी सुविधाएं शुरू की गयी हैं.
49 ट्रेनों में पैंट्री सेवा उपलब्ध करायी गयी है. आठ स्टेशनों पर एकीकृत यात्री सूचना प्रणाली और चार स्टेशनों पर 10 नयी लिफ्ट लगायी गयी हैं. ‘ईट राइट’ प्रमाणन वाले स्टेशनों और परिसरों की संख्या बढ़कर 25 स्टेशन और चार परिसर हो गयी है.
माल लदान में 7 प्रतिशत की बढ़ोतरी
अप्रैल से जुलाई के बीच माल लदान में सात प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गयी. इस दौरान सीमेंट की लदान में 160 प्रतिशत और डोलोमाइट की लदान में 28.4 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई.
जुलाई में भारत से नेपाल पहुंचने वाली पहली कंटेनर ट्रेन भी एक महत्वपूर्ण उपलब्धि रही. इससे क्षेत्रीय माल परिवहन संपर्क को मजबूती मिली है. हवाईपुर और बाईहाटा में गति शक्ति कार्गो टर्मिनल समेत सात नये माल टर्मिनल शुरू किये गये हैं.
पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा ने कहा कि यात्री सुविधाओं, परिचालन क्षमता, रेल संपर्क और माल ढुलाई को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है. इन पहलों से पूर्वोत्तर क्षेत्र में रेल सेवाओं को और सुलभ तथा प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए