बाढ़ के बीच देर रात कटिहार पहुंचे पप्पू यादव, सड़क किनारे रह रहे परिवारों से मिले : दी तत्काल आर्थिक मदद
बाढ़ पीड़ितों को सहायता राशि देते सांसद पप्पू यादव | Prabhat Khabar Network
सांसद पप्पू यादव ने देर रात कटिहार के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर पीड़ितों का हाल जाना. उन्होंने सड़क किनारे रहने को मजबूर परिवारों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं और तत्काल आर्थिक सहायता दी.
कटिहार : गंगा और कोसी के बढ़ते जलस्तर के बीच पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव देर रात कटिहार के बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुंचे. उन्होंने कुरसेला और बरारी प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया और सड़क किनारे रह रहे प्रभावित परिवारों से मुलाकात की.
सड़क किनारे रहने को मजबूर परिवारों से मिले
कुरसेला माल गोदाम क्षेत्र के खेरिया, तिनघरिया, पत्थर टोला, मलडीहा, देवीपुर और उत्तरी मुरादपुर समेत आसपास के इलाकों में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है. गंगा और कोसी के बढ़ते जलस्तर के कारण कई परिवारों को घर छोड़कर सड़क किनारे रहने के लिए मजबूर होना पड़ा है.
सांसद पप्पू यादव कुरसेला माल गोदाम के पास सड़क किनारे रह रहे बाढ़ पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचे. उन्होंने लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और बाढ़ से हुए नुकसान की जानकारी ली. इस दौरान उन्होंने अपनी ओर से प्रभावित परिवारों को तत्काल नकद आर्थिक सहायता भी दी.
बोले- जनता की पीड़ा मेरी अपनी पीड़ा
पप्पू यादव ने कहा कि जनता की पीड़ा उनकी अपनी पीड़ा है. मुसीबत के समय लोगों के बीच खड़ा रहना जनप्रतिनिधि का सबसे बड़ा धर्म है. उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में किसी को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और जरूरतमंद परिवारों तक हरसंभव सहायता पहुंचाने का प्रयास जारी रहेगा.
उन्होंने कहा कि बाढ़ के कारण जिन परिवारों को घर छोड़ना पड़ा है, उनकी स्थिति बेहद कठिन है. जब तक बाढ़ का संकट कम नहीं होता, तब तक राहत और सहायता का काम जारी रहेगा.
प्रशासन से राहत व्यवस्था मजबूत करने की अपील
सांसद ने प्रशासन से बाढ़ पीड़ितों को तत्काल भोजन, सुरक्षित ठिकाना और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की अपील की. उन्होंने प्रभावित परिवारों की स्थिति को देखते हुए राहत कार्य लगातार जारी रखने की जरूरत बतायी.
देर रात सांसद के बाढ़ प्रभावित परिवारों के बीच पहुंचने से पीड़ितों में उम्मीद जगी. मौके पर सांसद प्रतिनिधि नेयर खान, प्रवक्ता राजेश यादव, मो. समीम समेत अन्य स्थानीय लोग मौजूद रहे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए