खेल-खेल में गणित और विज्ञान सिखाने वाले विप्लव कुमार का कमाल, अब बिहार सरकार शिक्षक दिवस पर पटना में करेगी सम्मानित

Updated:
विज्ञापन

फोटो- बच्चों को पढ़ाते शिक्षक विप्लव कुमार | Prabhat Khabar Network

कटिहार के शिक्षक विप्लव कुमार को बिहार सरकार के राजकीय शिक्षक पुरस्कार 2026 के लिए चुना गया है. वे बच्चों को खेल-खेल में गणित और विज्ञान सिखाने के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी शिक्षित करते हैं. यह सम्मान शिक्षक दिवस पर पटना में प्रदान किया जाएगा.

विज्ञापन

कटिहार. जिले के सुदूर ग्रामीण क्षेत्र स्थित मध्य विद्यालय अरिहाना, आजमनगर के विशिष्ट शिक्षक विप्लव कुमार का चयन बिहार सरकार के राजकीय शिक्षक पुरस्कार 2026 के लिए किया गया है. शिक्षक दिवस के अवसर पर 5 सितंबर को पटना में विप्लव कुमार सहित राज्य के कुल 38 शिक्षकों को राजकीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा.

आपके शहर में

विज्ञापन

प्राथमिक शिक्षा निदेशालय ने जारी किया पत्र

राजकीय शिक्षक पुरस्कार के लिए चयन को लेकर प्राथमिक शिक्षा निदेशक कुमार निशांत विवेक की ओर से संबंधित पत्र जारी किया गया है. ग्रामीण क्षेत्र के शिक्षक विप्लव कुमार के चयन की खबर से शिक्षा जगत और स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है.

राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार की अंतिम सूची तक पहुंच चुके हैं विप्लव

उल्लेखनीय है कि विप्लव कुमार इससे पहले राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए अंतिम छह चयनित शिक्षकों तक पहुंचे थे. हालांकि अंतिम चरण में उनका चयन नहीं हो सका था. अब बिहार सरकार की ओर से राजकीय शिक्षक पुरस्कार के लिए उनका चयन किया गया है.

वर्ष 2006 से शिक्षा के क्षेत्र में कर रहे काम

विप्लव कुमार वर्ष 2006 से शिक्षा के क्षेत्र में लगातार कार्यरत हैं. ग्रामीण परिवेश के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण और आनंददायी शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ विद्यालय के शैक्षणिक एवं समग्र विकास में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है. वे बच्चों के नामांकन, विद्यालय में ठहराव और नियमित कक्षा संचालन को लेकर लगातार प्रयास करते हैं.

गतिविधियों और प्रयोगों से रोचक बनाते हैं पढ़ाई

कक्षा-कक्ष में पारंपरिक शिक्षण पद्धति के साथ रोचक गतिविधियों, प्रयोग और करके सीखने की पद्धति को अपनाकर बच्चों में सीखने की रुचि विकसित करने का प्रयास किया जाता है.

विशेष रूप से गणित और विज्ञान जैसे विषयों को सरल और सहज बनाने के लिए वे विभिन्न शैक्षणिक नवाचारों और गतिविधियों का प्रयोग करते हैं. इसका उद्देश्य बच्चों को केवल किताबों तक सीमित रखने के बजाय देखकर, करके और अनुभव के माध्यम से सीखने का अवसर देना है.

बाल संसद और मीना मंच के जरिए सामाजिक जागरूकता

विप्लव कुमार बच्चों में सामाजिक जिम्मेदारी और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के लिए बाल संसद एवं मीना मंच को सक्रिय रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. बच्चों के माध्यम से बाल विवाह, दहेज प्रथा, नशा, लैंगिक भेदभाव और अन्य सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया जाता है.

इको क्लब के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश

पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भी विद्यालय में इको क्लब के बच्चों के साथ कई रचनात्मक गतिविधियां संचालित की गई हैं. पौधरोपण, पौधों की सुरक्षा, अपशिष्ट प्रबंधन और पर्यावरण-अनुकूल गतिविधियों के माध्यम से बच्चों में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित की जाती है.

बच्चों को सिखाया जा रहा आपदा प्रबंधन

विद्यालय में बच्चों को आपदा जोखिम न्यूनीकरण और आपदा प्रबंधन की जानकारी देने के लिए भी नियमित गतिविधियां कराई जाती हैं. इसका उद्देश्य बच्चों को आपदा की स्थिति में स्वयं सुरक्षित रहने के साथ परिवार और समुदाय की सहायता करने के लिए तैयार करना है.

बच्चों को बदलाव का माध्यम मानते हैं विप्लव

विप्लव कुमार का मानना है कि बच्चे केवल देश का भविष्य नहीं हैं, बल्कि वर्तमान समाज में सकारात्मक परिवर्तन के प्रभावी माध्यम भी हैं. इसी सोच के साथ वे बच्चों को शिक्षा के साथ सामाजिक सरोकारों से जोड़ने का निरंतर प्रयास करते हैं.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन