आजमनगर कन्या मध्य विद्यालय की व्यवस्था पर उठे सवाल, डीईओ से जांच की मांग
फोटो- भू-दाता के वंश ने की विभागीय अधिकारी को लिखित शिकायत. | Prabhat Khabar Network
आजमनगर कन्या मध्य विद्यालय में व्यवस्थाओं और भूमि दाता के नाम को हटाने का मामला गंभीर हो गया है. शिकायतकर्ता ने पेयजल, साफ-सफाई और शौचालय की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए डीईओ से जांच की मांग की है. विद्यालय प्रबंधन का कहना है कि नाम वरीय अधिकारियों के निर्देश पर लिखा जाएगा.
कटिहार, आजमनगर. आजमनगर मुख्य बाजार स्थित कन्या मध्य विद्यालय की व्यवस्थाओं और भूमि दाता का नाम हटाए जाने समेत कई मामलों को लेकर जिला शिक्षा पदाधिकारी, कटिहार से शिकायत की गयी है. शिकायतकर्ता ने विद्यालय की स्थिति की जांच कर कार्रवाई की मांग की है. जिला शिक्षा पदाधिकारी ने मामले की जांच कराने और नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया है.
भूमि दाता का नाम हटाने का लगाया आरोप
आजमनगर निवासी लक्ष्मी सिन्हा, पति स्व. परमानंद प्रसाद लाल ने डीईओ को दिए आवेदन में बताया है कि कन्या मध्य विद्यालय जिस भूमि पर संचालित है, वह उनके ससुर स्व. रामेश्वर प्रसाद लाल की निजी भूमि है. उनके अनुसार यह भूमि विद्यालय के संचालन और शैक्षणिक कार्य के लिए उपलब्ध करायी गयी थी, लेकिन इसे दान के रूप में हस्तांतरित नहीं किया गया था.
शिकायतकर्ता का आरोप है कि पूर्व प्रधानाध्यापक के कार्यकाल में विद्यालय के नामपट्ट पर स्व. रामेश्वर प्रसाद लाल का नाम भूमि दाता के रूप में अंकित कराया गया था. वर्तमान प्रधानाध्यापक पर आरोप है कि उन्होंने उक्त नाम को हटा दिया. शिकायतकर्ता ने नाम दोबारा अंकित कराने का अनुरोध किया तो कथित रूप से अभद्र व्यवहार किया गया और बार-बार प्रमाण मांगा गया.
पेयजल और साफ-सफाई की व्यवस्था पर भी सवाल
शिकायत में विद्यालय की मूलभूत सुविधाओं को लेकर भी गंभीर सवाल उठाये गये हैं. आरोप लगाया गया है कि छात्र-छात्राओं के लिए स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है. विद्यालय परिसर में जगह-जगह कूड़ा-कचरा जमा रहने और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था नहीं होने की बात भी शिकायत में कही गयी है.
शौचालय व्यवस्था को लेकर जतायी चिंता
शिकायतकर्ता ने विद्यालय में शौचालय व्यवस्था को लेकर भी चिंता जतायी है. खासकर छात्राओं को सुरक्षा और सुविधा से जुड़ी परेशानियों का सामना करने का आरोप लगाया गया है. शिकायतकर्ता का कहना है कि इस तरह की स्थिति छात्राओं के स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिहाज से गंभीर है.
वीडियो और फोटो के साथ डीईओ कार्यालय में शिकायत
शिकायतकर्ता ने विद्यालय की स्थिति से संबंधित वीडियो, फोटो और अन्य साक्ष्य जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय में उपलब्ध कराये हैं. उन्होंने पूरे मामले की जांच कर विद्यालय की व्यवस्थाओं में सुधार कराने और भूमि दाता के नाम से जुड़े मामले में उचित निर्णय लेने की मांग की है.
प्रधानाध्यापक ने कहा, वरीय अधिकारी के निर्देश पर लिखा जाएगा नाम
मामले को लेकर विद्यालय के प्रधानाध्यापक कन्हैया लाल बोसाक ने दूरभाष पर बताया कि विद्यालय में छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग शौचालय की व्यवस्था है. उन्होंने कहा कि भूमि दाता का नाम वरीय अधिकारियों के निर्देश के अनुसार विद्यालय के बोर्ड पर लिखवाया जाएगा. सफाई व्यवस्था को लेकर पूछे जाने पर प्रधानाध्यापक ने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया. अब मामले में जिला शिक्षा पदाधिकारी की जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए