कैमूर NH-19 पर ट्रक की चपेट में आने से युवक की मौत, गुस्साए ग्रामीणों ने किया चक्का जाम
एन एच 19 पर जुटी भीड़ | Prabhat Khabar Network
कैमूर के दुर्गावती थाना क्षेत्र में NH-19 पर डिङखिली के पास एक युवक की ट्रक से कुचलकर मौत हो गई. घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया. सुरक्षा व्यवस्था की मांग को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा देखा गया.
Kaimur Road Accident : दुर्गावती थाना क्षेत्र के डिङखिली स्थित टोल प्लाजा के समीप सोमवार की रात ट्रक की चपेट में आने से 30 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गयी. मृतक की पहचान डिङखिली गांव निवासी संदीप कुमार, पिता नंदू कुशवाहा के रूप में हुई है. हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने एनएच-19 पर चक्का जाम कर दिया. इससे सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गयी.
सड़क पार करने के दौरान ट्रक ने मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार, संदीप कुमार सोमवार की रात चाय पीकर अपने घर लौट रहा था. डिङखिली गांव के समीप सड़क पार करने के दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी. हादसा इतना भीषण था कि संदीप की मौके पर ही मौत हो गयी.
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गये. युवक की मौत से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और लोगों ने एनएच-19 पर चक्का जाम कर दिया.
पुलिस के समझाने के बाद करीब 45 मिनट में हटा जाम
चक्का जाम की सूचना मिलते ही दुर्गावती थानाध्यक्ष गिरीश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया. पुलिस की ओर से उचित कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद करीब 45 मिनट बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया.
जाम समाप्त होने के बाद एनएच-19 पर वाहनों का आवागमन सुचारू हुआ. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, भभुआ भेज दिया.
टोल प्लाजा के पास लगातार हो रहे हादसों से ग्रामीण नाराज
ग्रामीणों का कहना है कि डिङखिली स्थित टोल प्लाजा के आसपास लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं. इससे आए दिन लोगों की जान जा रही है. ग्रामीणों ने टोल प्लाजा के पास सुरक्षा व्यवस्था और गार्ड की पर्याप्त व्यवस्था करने की मांग पहले भी उठायी है.
एक माह पहले भी हुआ था भीषण हादसा
बताया जाता है कि 15 अगस्त को भी टोल प्लाजा के समीप भीषण सड़क हादसा हुआ था. एक ट्रेलर के नीचे टेंपो दब गया था, जिसमें सवार दो लोगों की मौत हो गयी थी. उस घटना के बाद भी आक्रोशित ग्रामीणों ने चक्का जाम किया था.
उस समय ग्रामीणों ने टोल प्लाजा के पास पर्याप्त गार्ड की व्यवस्था नहीं होने का आरोप लगाया था. ग्रामीणों का कहना था कि सुरक्षा व्यवस्था के अभाव में इस स्थान पर लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं. उस घटना को अभी एक माह भी पूरा नहीं हुआ था कि सोमवार की रात फिर हादसा हो गया और एक युवक की जान चली गयी.
बार-बार हो रही दुर्घटनाओं से नाराज ग्रामीणों ने एक बार फिर एनएच-19 पर चक्का जाम कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठायी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए