8 दिन में ट्रांसफार्मर बदलने का मिला था भरोसा, 16 दिन बाद भी नहीं बदला तो NH-219 पर उतरे ग्रामीण
एनएच को जाम करते आक्रोशित ग्रामीण | Prabhat Khabar Network
बिजली की गंभीर समस्या से जूझ रहे चैनपुर के लोदीपुर गांव के ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-219) को जाम कर दिया. 1600 मतदाताओं के लिए सिर्फ एक ट्रांसफार्मर और मंत्री के आश्वासन के 16 दिन बीत जाने के बाद भी समस्या का समाधान न होने से ग्रामीण भड़के हुए हैं.
Kaimur News: जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत लोदीपुर गांव के समीप विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप रहने से नाराज ग्रामीणों ने शनिवार की सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-219) पर बांस-बल्ली लगाकर आवागमन बाधित कर दिया. मुख्य मार्ग के जाम होते ही दोनों तरफ छोटे-बड़े वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे यात्रियों और राहगीरों को भारी फजीहत का सामना करना पड़ा. ग्रामीणों का आरोप था कि विद्युत विभाग की घोर लापरवाही के चलते पिछले तीन वर्षों से पूरा गांव गंभीर बिजली संकट से जूझ रहा है.
आपके शहर में
1600 मतदाताओं पर सिर्फ एक ट्रांसफार्मर
मौके पर प्रदर्शन कर रहे ग्रामीण श्याम अवतार, सनौवर अली, लाक्षा बिंद, सेराजुद्दीन शाह सहित अन्य लोगों ने बताया कि गांव की आबादी काफी बड़ी है और यहां 1600 से अधिक मतदाता हैं. इसके बावजूद पूरे गांव में बिजली आपूर्ति के लिए मात्र एक ही ट्रांसफार्मर स्थापित है. क्षमता से अधिक लोड होने के कारण ट्रांसफार्मर में आए दिन तकनीकी खराबी आ जाती है. स्थिति यह है कि कई बार ग्रामीणों को निजी स्तर पर चंदा इकट्ठा कर ट्रांसफार्मर में तेल डलवाना और मरम्मत करानी पड़ती है.
मंत्री जमा खान के आश्वासन के बाद भी नहीं हुआ काम
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि करीब 16 दिन पूर्व वे अपनी समस्या को लेकर स्थानीय चैनपुर विधायक सह बिहार सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मोहम्मद जमा खान से मिले थे. मंत्री ने विद्युत कार्यपालक अभियंता व एसडीओ को आवेदन देने का निर्देश देते हुए आठ दिनों के भीतर नया ट्रांसफार्मर लगवाने का भरोसा दिया था. परंतु 16 दिन बीत जाने के बावजूद ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया. इधर, पिछले तीन दिनों से गांव की बत्ती पूरी तरह गुल है, जिससे रक्षाबंधन जैसे त्योहार पर भी लोगों को पेयजल और दैनिक कार्यों के लिए तरसना पड़ा.
पुलिस की पहल और आश्वासन के बाद हटा जाम
सड़क जाम की सूचना मिलते ही चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने बिजली विभाग के वरीय अधिकारियों से फोन पर वार्ता कराई और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया, जिसके बाद राजमार्ग पर यातायात सुचारू हो सका. थानाध्यक्ष ने बताया कि अधिकारियों के निर्देश पर स्थानीय लाइनमैन को भेजकर वैकल्पिक तौर पर बिजली चालू करने का काम शुरू कराया गया है. साथ ही वरीय अधिकारियों ने जल्द ही गांव में नया व उच्च क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाने का ठोस आश्वासन दिया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए