वैश्य समाज की मजबूती के लिए बच्चों को उच्च शिक्षा दिलाना जरूरी : जीवन कुमार
कार्यक्रम का उद्घाटन करते मंत्री रामचंद्र प्रसाद, जीवन कुमार व संतोष सिंह | Prabhat Khabar Network
एमएलसी जीवन कुमार ने कहा कि वैश्य समाज को मजबूत बनाने के लिए बच्चों को उच्च शिक्षा दिलाना अनिवार्य है। शिक्षा से ही राजनीतिक भागीदारी संभव है।
Kaimur News : नुआंव रामजानकी मंदिर परिसर स्थित रामलीला मैदान में बाबा गणिनाथ गोविंद जी महाराज पूजा महोत्सव-सह-वैश्य प्रतिनिधि सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता वैश्य समाज के प्रखंड अध्यक्ष संजय वर्मा ने की, जबकि संचालन दीपक गुप्ता ने किया. समारोह का उद्घाटन बिहार सरकार के वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. रामचंद्र प्रसाद, एमएलसी जीवन कुमार एवं पूर्व मंत्री सह एमएलसी संतोष कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया. इससे पहले अतिथियों ने बाबा गणिनाथ के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किया.
उच्च शिक्षा से ही समाज की मजबूत होगी भागीदारी
सभा को संबोधित करते हुए एमएलसी जीवन कुमार ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में वैश्य समाज आज भी काफी पीछे है. आंकड़ों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि समाज के मात्र 10.67 प्रतिशत लोग शिक्षित हैं, जबकि महज 4.5 प्रतिशत वैश्य परिवारों के लोग इंटर तक की शिक्षा प्राप्त कर पाये हैं. उन्होंने कहा कि समाज को सामाजिक और राजनीतिक रूप से मजबूत बनाना है, तो बच्चों को उच्च शिक्षा दिलाना सबसे जरूरी है.
उन्होंने कहा कि बच्चे जैसे ही थोड़े बड़े होते हैं, उन्हें उच्च शिक्षा के बजाय व्यापार में लगा दिया जाता है. यह समाज की सबसे बड़ी भूल है. जब तक बच्चे शिक्षित नहीं होंगे, तब तक समाज अपनी हिस्सेदारी के लिए मजबूती से आवाज नहीं उठा पायेगा. इतिहास में भामाशाह जैसे महान व्यक्तित्वों का योगदान रहा है, लेकिन शिक्षा और संगठन के अभाव में समाज अपनी उचित हिस्सेदारी हासिल नहीं कर सका.
56 उपजातियों को एकजुट करने पर जोर
जीवन कुमार ने कहा कि वैश्य समाज की 56 उपजातियों को एकजुट और संगठित करने की जरूरत है. बाबा गणिनाथ की जयंती पर उनके आदर्शों को आत्मसात करते हुए समाज के प्रत्येक परिवार को अपने बच्चों को उच्च शिक्षा दिलाने का संकल्प लेना चाहिए. शिक्षा के बल पर ही समाज अपनी सामाजिक पहचान मजबूत करने के साथ राजनीति में भी प्रभावी हिस्सेदारी हासिल कर सकता है.
बाबा गणिनाथ के आदर्शों पर चलने का आह्वान
पूर्व मंत्री सह एमएलसी संतोष कुमार सिंह ने कहा कि बाबा गणिनाथ का उल्लेख उपनिषदों में भगवान शिव के मानस पुत्र के रूप में मिलता है. बाबा गणिनाथ ने समाज के लिए अनुकरणीय कार्य किये. उनके आदर्शों और पदचिह्नों पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी.
अतिथियों को अंगवस्त्र देकर किया सम्मानित
समारोह में पहुंचे अतिथियों को संरक्षक विश्वनाथ गुप्ता ने अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया. मौके पर विजय चौरसिया, कृष्णा जायसवाल, पप्पू जायसवाल, गोलू जायसवाल, उमाशंकर जायसवाल, जॉनी आर्य, चंद्र प्रकाश आर्य, डिंपल जायसवाल, पूर्व प्रमुख अभय सिंह, मुखिया प्रतिनिधि द्वारिका प्रसाद, राम सिहासन सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे. खबर लिखे जाने तक वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. रामचंद्र प्रसाद का संबोधन होना बाकी था.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए