रामपुर में विद्यालयों के सुचारू संचालन को लेकर बीईओ ने दिये सख्त निर्देश, शिक्षकों की जवाबदेही तय
बैठक में भाग लेते सभि विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं पदाधिकारी | Prabhat Khabar Network
Kaimur News : रामपुर में बीईओ ऋतुरंजन कुमार ने प्रधानाध्यापकों के साथ बैठक कर विद्यालयों के संचालन के लिए 6 महत्वपूर्ण बिंदुओं पर सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं.
Kaimur News : रामपुर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी की अध्यक्षता में सोमवार को प्रखंड संसाधन केंद्र, रामपुर (शिक्षा भवन) के सभा-कक्ष में प्रखंड स्तरीय बैठक आयोजित की गयी. बैठक में प्रखंड के सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, प्रभारी प्रधानाध्यापक, प्रधान शिक्षक एवं सभी संकुल प्रभारी शामिल हुए. बैठक में विद्यालयों के सुचारू संचालन और शैक्षणिक व्यवस्था को बेहतर बनाने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये.
आधारभूत संरचना से संबंधित प्रतिवेदन प्राथमिकता से देने का निर्देश
प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सह बीडीओ ऋतुरंजन कुमार ने विद्यालयों में आधारभूत संरचना से संबंधित कार्यों की समीक्षा करते हुए शौचालय निर्माण एवं मरम्मत, पेयजल, किचेन शेड निर्माण एवं मरम्मत तथा वर्ग-कक्षों की मरम्मत से संबंधित प्रतिवेदन प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.
समय-सारणी के अनुसार शिक्षकों को दर्ज करनी होगी उपस्थिति और प्रस्थान
बैठक में निर्देश दिया गया कि सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं निर्धारित समय-सारणी के अनुसार विद्यालय में अपनी उपस्थिति और प्रस्थान दर्ज करेंगे. विद्यालय अवधि के दौरान बिना पूर्व अनुमति परिसर छोड़ना अनुशासनहीनता और आरटीई नियमों का उल्लंघन माना जायेगा. सभी शिक्षकों को पाठ-टीका का संधारण अनिवार्य रूप से करने को कहा गया.
खाली अवधि में गृहकार्य और कक्षाकार्य की जांच करेंगे शिक्षक
समय-सारणी के अनुसार जिन अवधियों में शिक्षकों का वर्ग-कक्ष में शिक्षण कार्य निर्धारित नहीं होगा, उस समय का उपयोग बच्चों के गृहकार्य और कक्षाकार्य की जांच एवं मूल्यांकन के लिए करना होगा. गृहकार्य की डायरी और कॉपी पर संबंधित शिक्षक का हस्ताक्षर भी अनिवार्य रूप से दर्ज होना चाहिए.
प्रधानाध्यापक हर सप्ताह शिक्षकों के साथ करेंगे बैठक
सभी प्रधानाध्यापक, प्रभारी प्रधानाध्यापक एवं प्रधान शिक्षकों को विद्यालय में कार्यरत शिक्षकों के साथ समस्याओं के समाधान के लिए अनिवार्य रूप से साप्ताहिक बैठक करने का निर्देश दिया गया. इससे विद्यालय स्तर पर आने वाली समस्याओं का समय पर समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया.
कक्षा में मोबाइल के अनावश्यक उपयोग पर रोक
बीईओ ने स्पष्ट किया कि वर्ग-कक्ष में पठन-पाठन के दौरान शिक्षकों द्वारा मोबाइल फोन का अनावश्यक उपयोग पूर्णतः वर्जित रहेगा. शिक्षक अपनी दैनिक पाठ योजना के अनुसार ही कक्षाओं का संचालन करेंगे.
विद्यालय परिसर की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश
विद्यालय परिसर, वर्ग-कक्षों, पेयजल स्थल और शौचालयों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि विद्यार्थियों को स्वच्छ, सुरक्षित और अनुशासित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके.
Also Read : भभुआ में इंजीनियरिंग छात्र ने फांसी लगाकर दी जान, घर में अकेला था युवक
लापरवाही पर होगी विभागीय और प्रशासनिक कार्रवाई
बीईओ ने स्पष्ट किया कि सभी निर्देशों का अनुपालन प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जायेगा. निर्देशों का उल्लंघन करने या अनुशासन में शिथिलता बरतने वाले संबंधित प्रधानाध्यापक, प्रभारी प्रधानाध्यापक एवं प्रधान शिक्षक के विरुद्ध विभागीय नियमों के प्रावधानों के तहत आवश्यक अनुशासनात्मक एवं प्रशासनिक कार्रवाई की जायेगी.
Also Read : भभुआ में खेत-मजदूर यूनियन का धरना-प्रदर्शन, केंद्र व राज्य सरकार पर साधा निशाना
धन्यवाद ज्ञापन के साथ बैठक की कार्यवाही समाप्त
अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ बैठक की कार्यवाही समाप्त की गयी. बैठक में लिये गये निर्देशों की प्रतिलिपि सभी प्रधानाध्यापकों एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी, कैमूर को सूचनार्थ भेजी गयी.
Also Read : चैनपुर में शराब के नशे में हंगामा कर रहे तीन लोग गिरफ्तार
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए