कैमूर: 9 अगस्त को पूर्व मध्य रेलवे में होगा जन सम्मेलन, रेल कर्मचारियों की मांगों को लेकर ECREU ने जारी किया पोस्टर

पोस्ट जारी करते युनियन से जुड़े रेलकर्मी
पूर्व मध्य रेलवे कर्मचारी यूनियन (ECREU) 9 अगस्त को कर्मनाशा रेलवे स्टेशन पर एक विशाल जन सम्मेलन आयोजित कर रही है. इस सम्मेलन में लेबर कोड, वेतन वृद्धि और रिक्त पदों पर भर्ती जैसी महत्वपूर्ण मांगों को उठाया जाएगा.
Kaimur railway news: स्थानीय प्रखंड क्षेत्र के कर्मनाशा रेलवे स्टेशन परिसर स्थित स्टोर के निकट पूर्व मध्य रेलवे एम्प्लाइज यूनियन (ECREU) ने विभिन्न मांगों को लेकर आगामी 9 अगस्त को विशाल जन सम्मेलन आयोजित करने की घोषणा की है. इस संबंध में यूनियन ने पोस्टर जारी कर रेल कर्मचारियों से बड़ी संख्या में सम्मेलन में शामिल होने की अपील की.
लेबर कोड और निजीकरण समेत कई मुद्दों पर होगा सम्मेलन
यूनियन के केंद्रीय अध्यक्ष एवं इंडियन रेलवे एम्प्लाइज फेडरेशन (IREF) के कार्यकारी अध्यक्ष संतोष पासवान ने बताया कि 19 और 20 जुलाई को पटना स्थित यूनियन कार्यालय में आयोजित केंद्रीय कार्यकारिणी समिति (CWC) की बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया था. इसके तहत हाजीपुर सहित पूर्व मध्य रेलवे के सभी मंडलों और उत्पादन इकाइयों में 9 अगस्त को बड़े पैमाने पर जन सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे.
इन प्रमुख मांगों को उठाएगी यूनियन
यूनियन के अनुसार सम्मेलन में लेबर कोड वापस लेने और पुराने श्रम कानून लागू करने, सातवें वेतन आयोग के आधार पर 46,157 रुपये बोनस देने, आठवें वेतन आयोग की रिपोर्ट के अनुसार 3.33 फिटमेंट फैक्टर लागू कर न्यूनतम वेतन 60 हजार रुपये करने, रेलवे में रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती, प्रतिवर्ष दो प्रतिशत पदों के सरेंडर पर रोक, आठ घंटे का ड्यूटी रोस्टर लागू करने तथा लाइन कर्मचारियों को जीवन रक्षक उपकरण उपलब्ध कराने की मांग प्रमुखता से उठाई जाएगी.
इसके अलावा रेलवे अस्पतालों में आधुनिक जांच सुविधाएं उपलब्ध कराने, महिला कर्मचारियों के लिए सुरक्षित शौचालय एवं कॉमन रूम की व्यवस्था, रेल कर्मचारियों के माता-पिता को मेडिकल और पास सुविधा, रनिंग कर्मचारियों के लिए रेलवे बोर्ड की गाइडलाइन के अनुरूप ड्यूटी तथा सेफ्टी कैटेगरी के कर्मचारियों को रिस्क अलाउंस देने की मांग भी सम्मेलन में उठाई जाएगी.
कर्मचारियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील
यूनियन ने सभी रेल कर्मचारियों से 9 अगस्त को आयोजित जन सम्मेलन में बड़ी संख्या में भाग लेकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की. पोस्टर जारी करने के दौरान कार्यकारी अध्यक्ष संतोष पासवान के अलावा दिलीप कुमार, सुरेश प्रसाद, सेतु कुमार सिंह, विकास कुमार, अमित कुमार शर्मा, सुनील कुमार गुप्ता, सतीश कुमार समेत अन्य रेलकर्मी मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










