कैमूर: कच्ची सड़क से परेशान ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, पिपरी-कुड़ारी मार्ग के लिए दूसरे दिन भी आमरण अनशन
दूसरे दिन भी आमरण अनशन पर बैठे हुए लोग | Prabhat Khabar Network
दुर्गावती के पिपरी पुल से कुड़ारी स्कूल तक सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों का आमरण अनशन दूसरे दिन भी जारी है। प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की गई है।
Kaimur News : कैमूर जिला के दुर्गावती प्रखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत ढङहर अंतर्गत पिपरी पुलिया से उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, कुड़ारी तक कच्ची सड़क को पक्का कराने की मांग को लेकर पिपरी गांव के समीप ग्रामीणों का आमरण अनशन शुक्रवार को दूसरे दिन भी जारी रहा. अनशन पर मनोज राजभर सहित करीब आधा दर्जन लोग बैठे हैं. ग्रामीणों ने स्पष्ट किया है कि जब तक सड़क निर्माण की मांग पूरी नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा.
आपके शहर में
आजादी के बाद भी सड़क नहीं हुई पक्की, बारिश में बच्चों की बढ़ जाती है परेशानी
आमरण अनशन पर बैठे मनोज राजभर ने कहा कि आजादी के बाद से अब तक पिपरी पुल से कुड़ारी विद्यालय तक कच्ची सड़क का पक्कीकरण नहीं हो सका है. इस रास्ते से ढङहर, पिपरी, मझवा, कानपुर, बिलखुरी, धनसराय, सखेलीपुर और बड़ूरी गांवों के सैकड़ों बच्चे प्रतिदिन कुड़ारी विद्यालय पढ़ने जाते हैं. बरसात के दिनों में सड़क पर कीचड़ जमा हो जाने से बच्चों को स्कूल पहुंचने में काफी परेशानी होती है.
डीपीआर तैयार, फिर भी नहीं शुरू हुआ सड़क निर्माण
मनोज राजभर ने बताया कि सड़क निर्माण को लेकर पूर्व में सर्वे कराया जा चुका है और डीपीआर भी तैयार हो चुका है. इसके बावजूद अब तक सड़क निर्माण शुरू नहीं किया गया. ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से मांग उठाने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं होने पर उन्हें आमरण अनशन का रास्ता अपनाना पड़ा है.
12 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करने को मजबूर ग्रामीण
ग्रामीणों के अनुसार, पिपरी से कुड़ारी तक सीधा पक्का मार्ग नहीं होने के कारण लोगों को करीब 12 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है. ग्रामीणों को जीटी रोड, कर्मनाशा हाईवे और भानपुर होकर आवागमन करना पड़ता है. इस दौरान वाहनों की आवाजाही के कारण दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है.
एमएमजीएसवाई योजना से सड़क निर्माण शुरू कराने की मांग
अनशनकारियों ने प्रशासन से पूर्व में तैयार डीपीआर के आधार पर एमएमजीएसवाई योजना के तहत सड़क निर्माण शुरू कराने की मांग की है. उनका कहना है कि सड़क बनने से कई गांवों के लोगों को सीधा और सुरक्षित आवागमन मार्ग मिलेगा. खासकर स्कूली बच्चों को बरसात के दिनों में होने वाली परेशानी से राहत मिलेगी.
ग्रामीणों का मिल रहा समर्थन, मांग पूरी होने तक संघर्ष जारी
मनोज राजभर के साथ पूर्व मुखिया भाई चंद रावत, अलीहार सिंह यादव, जय नारायण राजभर और अरुण राजभर सहित अन्य लोग अनशन पर बैठे हैं. अनशनकारियों ने बताया कि सड़क निर्माण की मांग को लेकर क्षेत्र के काफी संख्या में ग्रामीणों का समर्थन मिल रहा है. लोग अनशन स्थल पर पहुंचकर आंदोलनकारियों का हौसला बढ़ा रहे हैं. अनशनकारियों ने कहा कि सड़क निर्माण की मांग पूरी होने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए