कैमूर में आजादी के बाद भी नहीं बनी पक्की सड़क, विधायक ने दिया जल्द निर्माण का भरोसा
फोटो कैप्शन-19 कुङारी गांव में विधायक और कार्यपालक अभियंता ग्रामीणों को आश्वासन देते हुए | Prabhat Khabar Network
रामगढ़ विधायक सतीश यादव पिंटू ने पिपरी-कुङारी मार्ग का निरीक्षण किया। टेंडर प्रक्रिया शुरू होते ही इस सड़क को निर्माण के लिए प्रथम वरीयता दी जाएगी।
Kaimur News : रामगढ़ विधायक सतीश यादव पिंटू ने शनिवार को ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता सतीश चौधरी के साथ पिपरी-कुड़ारी कॉलेज मार्ग का निरीक्षण किया. निरीक्षण के बाद विधायक ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि टेंडर प्रक्रिया दोबारा शुरू होते ही इस सड़क को प्रथम वरीयता दी जाएगी और जल्द ही पक्कीकरण का काम शुरू कराया जाएगा.
आपके शहर में
टेंडर रद्द होने से अटका सड़क निर्माण
विधायक ने बताया कि पिपरी-कुड़ारी मार्ग का टेंडर पहले हो चुका था, लेकिन बिहार सरकार ने उसे रद्द कर दिया. उन्होंने कहा कि कई अन्य पथ निर्माण कार्यों के टेंडर भी निरस्त हुए हैं. अब दोबारा टेंडर प्रक्रिया शुरू होने पर इस मार्ग को प्राथमिकता दिलायी जाएगी.
बरसात में कच्ची सड़क पर चलना मुश्किल
पिपरी पुल से कुड़ारी स्कूल तक सड़क आजादी के वर्षों बाद भी पक्की नहीं हो सकी है. इसी मार्ग से होकर छात्र कुड़ारी कॉलेज जाते हैं. बरसात के दिनों में कच्ची सड़क पर आवागमन मुश्किल हो जाता है. ग्रामीणों के अनुसार, सड़क नहीं होने के कारण छात्रों को करीब 12 किलोमीटर की दूरी तय कर कॉलेज पहुंचना पड़ता है.
आमरण अनशन के बाद हरकत में आया प्रशासन
सड़क निर्माण की मांग को लेकर करीब आधा दर्जन ग्रामीण 20 अगस्त से पिपरी पुल के पास आमरण अनशन पर बैठे थे. शनिवार सुबह सांसद सुधाकर सिंह के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने अनशन समाप्त किया. इसके बाद विधायक, कार्यपालक अभियंता, एसडीओ और जेई कुड़ारी गांव पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत की.
नए टेंडर में प्रथम वरीयता का भरोसा
कार्यपालक अभियंता सतीश चौधरी ने बताया कि विधायक सतीश यादव पिंटू ने शुक्रवार को पटना में ग्रामीण कार्य विभाग के मुख्य अभियंता से मुलाकात कर सड़क की स्थिति से अवगत कराया था. विभाग के प्रमुख अभियंता ने भी भरोसा दिया है कि नई टेंडर प्रक्रिया शुरू होने के बाद पिपरी-कुड़ारी मार्ग को प्रथम वरीयता दी जाएगी. उन्होंने कहा कि जल्द ही सड़क के पक्कीकरण का कार्य शुरू कराने की दिशा में कार्रवाई होगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए