बक्सर में छात्रों का फूटा गुस्सा, भभुआ-कुदरा मार्ग ढाई घंटे जाम, 12 सूत्री मांगों पर प्रदर्शन
फोटो.9. सड़क को जाम करते प्राइवेट नर्सिंग होम के छात्र10. छात्रों के साथ बैठकर समस्या का समाधान करते विडीयो | Prabhat Khabar Network
भभुआ में राजीव इंस्टीट्यूट के नर्सिंग और फार्मेसी छात्रों ने 12 सूत्री मांगों को लेकर भभुआ-कुदरा मार्ग पर ढाई घंटे तक चक्का जाम किया। प्रशासन के आश्वासन पर जाम खुला।
Kaimur News : राजीव इंस्टीट्यूट बीएससी नर्सिंग एवं फार्मेसी के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न मांगों को लेकर शुक्रवार को ओदार गांव के समीप भभुआ-कुदरा मुख्य मार्ग पर जोरदार प्रदर्शन किया. छात्रों ने करीब ढाई घंटे तक सड़क जाम कर कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की. प्रदर्शन के कारण भभुआ-कुदरा मार्ग पर यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी. बाद में बीडीओ और सोनहन थाना प्रभारी के हस्तक्षेप के बाद छात्रों ने जाम समाप्त किया.
आपके शहर में
परीक्षा परिणाम को लेकर छात्रों में नाराजगी
प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना था कि हाल ही में जारी परीक्षा परिणाम उनके वास्तविक प्रदर्शन के अनुरूप नहीं हैं. छात्रों ने आरोप लगाया कि नामांकन के समय कॉलेज के काउंसलर की ओर से शैक्षणिक व्यवस्था को लेकर कई आश्वासन दिये गये थे, लेकिन बाद में उन वादों के अनुरूप व्यवस्था नहीं की गयी. परीक्षा परिणाम समेत अन्य शैक्षणिक समस्याओं को लेकर छात्रों ने कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जतायी.
12 सूत्री मांगों का सौंपा ज्ञापन
सड़क जाम की सूचना मिलने के बाद बीडीओ और सोनहन थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने छात्रों के साथ बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं. इस दौरान छात्रों ने अपनी 12 सूत्री मांगों से संबंधित ज्ञापन अधिकारियों को सौंपा. अधिकारियों की ओर से मांगों को संबंधित स्तर तक पहुंचाने और समाधान के लिए पहल करने का आश्वासन दिया गया. इसके बाद छात्रों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया.
कॉपी की दोबारा जांच और अतिरिक्त शुल्क नहीं लेने की मांग
छात्रों ने परीक्षा परिणाम को लेकर कॉपी की पुन: जांच, पुनर्मूल्यांकन अथवा पुन: परीक्षा का विकल्प देने की मांग की. साथ ही इसके लिए छात्रों से किसी प्रकार का अतिरिक्त शुल्क नहीं लेने की मांग की गयी. छात्रों ने आगे की परीक्षाओं और शैक्षणिक गतिविधियों को व्यवस्थित तरीके से संचालित करने की भी मांग रखी.
नियमित शिक्षक और बेहतर लैब की मांग
ज्ञापन में छात्रों ने योग्य एवं नियमित शिक्षकों की नियुक्ति, पर्याप्त कक्षा-कक्ष, प्रैक्टिकल लैब और आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने की मांग की. इसके अलावा प्रत्येक सेमेस्टर के अनुरूप अस्पताल ड्यूटी और क्लिनिकल प्रशिक्षण की समुचित व्यवस्था करने की बात कही गयी.
छात्रों ने समय पर पाठ्यक्रम पूरा कराने, परीक्षा के लिए स्पष्ट प्रारूप और मानदंड तय करने तथा सभी विद्यार्थियों को समान रूप से आंतरिक अंक देने की मांग भी रखी.
अतिरिक्त शुल्क और प्रवेश शुल्क में राहत की मांग
छात्रों ने डीआरसीसी के निर्देशानुसार प्रवेश के आधार पर किसी प्रकार का अतिरिक्त शुल्क नहीं लेने की मांग की. साथ ही प्रवेश शुल्क में राहत देने की भी मांग रखी गयी. छात्रों का कहना था कि कॉलेज में अध्ययनरत विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और जरूरी सुविधाएं मिलनी चाहिए.
आंदोलन में शामिल छात्रों पर कार्रवाई नहीं करने की अपील
छात्रों ने प्रशासन से आंदोलन में शामिल किसी भी विद्यार्थी के खिलाफ कॉलेज या पुलिस प्रशासन की ओर से कार्रवाई नहीं करने की मांग की. उन्होंने किसी प्रकार का दंड या जुर्माना नहीं लगाने की भी अपील की. छात्रों ने अपने प्रदर्शन को परीक्षा और शैक्षणिक व्यवस्था में सुधार के लिए किया गया शांतिपूर्ण आंदोलन बताया.
जाम से यात्रियों को हुई परेशानी
करीब ढाई घंटे तक मुख्य मार्ग जाम रहने से भभुआ-कुदरा सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही. दोनों तरफ छोटे-बड़े वाहनों की लंबी कतार लग गयी. जाम समाप्त होने के बाद प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को सामान्य कराया. अधिकारियों ने छात्रों की मांगों को संबंधित स्तर तक पहुंचाने का आश्वासन दिया है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए