कैमूर की कमान संभालते ही एक्शन में DM कुमार अनुराग, अधिकारियों को दिए 5 सख्त निर्देश

Updated:
विज्ञापन

फोटो.5. अधिकारियों के साथ बैठक करते डीएम | Prabhat Khabar Network

भभुआ के नए डीएम कुमार अनुराग ने अधिकारियों के साथ बैठक कर जनहित में पांच महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए। सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर।

विज्ञापन

Kaimur News : कैमूर जिले की कमान संभालते ही नव नियुक्त जिलाधिकारी कुमार अनुराग एक्शन में नजर आये. गुरुवार को पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने वरीय पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर प्रशासन की प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं. बैठक में डीएम ने अधिकारियों को पांच बिंदुओं पर विशेष फोकस करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि प्रशासनिक कार्यों में संवेदनशीलता, समन्वय और समयबद्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाये, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी बाधा के आम लोगों तक पहुंच सके.

आपके शहर में

विज्ञापन

जनता की समस्याएं धैर्य से सुनें, सम्मानजनक व्यवहार करें

डीएम कुमार अनुराग ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आम नागरिकों की समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुना जाये. उनके साथ सम्मानजनक और विनम्र व्यवहार सुनिश्चित किया जाये. उन्होंने कहा कि प्रशासन और जनता के बीच बेहतर संवाद से ही समस्याओं का प्रभावी समाधान संभव है.

काम में दिखे परिणाम, सिर्फ प्रक्रिया तक सीमित न रहें

डीएम ने सभी विभागों के अधिकारियों को परिणामोन्मुखी कार्यशैली अपनाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि अधिकारी अपने-अपने विभागों के कार्यों पर पूरी तरह फोकस करें और योजनाओं के क्रियान्वयन में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए.

विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर

बैठक में डीएम ने विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने को भी महत्वपूर्ण बताया. उन्होंने अधिकारियों से आपसी तालमेल के साथ कार्य करते हुए योजनाओं और प्रशासनिक कार्यों का त्वरित एवं सुचारू निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा.

तय समयसीमा में पूरा करना होगा हर काम

डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा और कार्ययोजना के अनुसार समय पर पूरे किये जाएं. किसी भी योजना या प्रशासनिक कार्य में अनावश्यक विलंब को गंभीरता से लिया जायेगा. अधिकारियों को कार्यों की प्रगति पर लगातार नजर रखने को कहा गया.

जनसमस्याओं के समाधान में पारदर्शिता और जवाबदेही जरूरी

डीएम ने पांचवें बिंदु के रूप में जन समस्याओं के समाधान में तत्परता, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने अधिकारियों से कहा कि लोगों की शिकायतों के समाधान में संवेदनशीलता बरती जाये और कार्रवाई की स्पष्ट जिम्मेदारी तय हो.

अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे सरकारी योजनाओं का लाभ

डीएम कुमार अनुराग ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पांचों बिंदुओं का जवाबदेही के साथ अनुपालन सुनिश्चित किया जाये. उन्होंने कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है. इसके लिए सभी पदाधिकारी संवेदनशीलता, समन्वय और समयबद्धता के साथ काम करें.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन