मोहनियां में एनएच-19 किनारे खुले में डंप हो रहा कूड़ा, आग लगने से राहगीरों की बढ़ी परेशानी
एनएच 19 किनारे किया गया कूड़ा डंप व आग से निकलता धुंआ | Prabhat Khabar Network
Kaimur News : मोहनियां नगर पंचायत क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था चरमरा गई है. एनएच-19 के किनारे खुले में कूड़ा डंप किया जा रहा है, जिसमें आग लगने से भारी मात्रा में धुआं फैल रहा है. इससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी हो रही है.
Kaimur News : स्वच्छता व्यवस्था को लेकर मोहनियां नगर पंचायत की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं. शहर के एमपी कॉलेज के पश्चिम एनएच-19 के किनारे नगर पंचायत क्षेत्र से निकलने वाले कूड़े को खुले में डंप किया जा रहा है. सड़क किनारे लगातार कूड़ा जमा होने से गंदगी का अंबार लग गया है. इससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
कूड़े में आग लगने से एनएच-19 पर फैल रहा धुआं
अब इसी कूड़े के ढेर में आग लगाये जाने से स्थिति और गंभीर हो गयी है. कूड़े में आग लगने के बाद उससे निकलने वाला धुआं एनएच-19 पर फैल रहा है. धुएं के कारण सड़क से गुजरने वाले वाहन चालकों को काफी परेशानी हो रही है. साथ ही दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है.
Also Read : कैमूर में शराब मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार, ऑटो से 24.660 लीटर अंग्रेजी शराब समेत बीयर बरामद
आसपास के वातावरण पर भी पड़ रहा असर
कूड़े से उठने वाला धुआं आसपास के वातावरण को भी प्रभावित कर रहा है. लोगों का कहना है कि मुख्य सड़क के किनारे कूड़ा डंप करने और उसमें आग लगाने से राहगीरों के साथ-साथ आसपास रहने वाले लोगों को भी परेशानी हो रही है. स्थानीय लोगों ने कूड़े के उचित निस्तारण की व्यवस्था किये जाने की जरूरत बतायी है.
निर्धारित स्थल के बजाय सड़क किनारे डंपिंग का आरोप
मालूम हो कि नगर पंचायत क्षेत्र में सफाई का काम एनजीओ के माध्यम से कराया जाता है. सफाई के बाद निकलने वाले कूड़े को निर्धारित स्थल पर ले जाने के बजाय एनएच-19 के किनारे डंप किये जाने की बात सामने आ रही है. लगातार कूड़ा जमा होने से सड़क किनारे गंदगी बढ़ती जा रही है. स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत से इस समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए