भभुआ में चला अतिक्रमण पर नगर प्रशासन का डंडा, बालू-गिट्टी जब्त; दुकानदारों पर लगा जुर्माना

Updated:
विज्ञापन

फ़ोटो-भभुआ मोहनिया सड़क से अतिक्रमण हटवाती नप ईओ व टीम | Prabhat Khabar Network

भभुआ में नगर पर्षद ने अतिक्रमण के खिलाफ महा अभियान चलाया। सड़क किनारे अवैध कब्जा करने वाले दुकानदारों पर 10 हजार का जुर्माना लगाया और सामान जब्त किया।

विज्ञापन

Kaimur News : बार-बार सूचना और चेतावनी के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाने वालों के खिलाफ मंगलवार को नगर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की. नप ईओ संजय उपाध्याय और सिटी मैनेजर सोनू कुमार के नेतृत्व में नगर पर्षद और पुलिस की संयुक्त टीम ने एकता चौक, भभुआ-मोहनियां मुख्य सड़क, जेपी चौक और पटेल चौक समेत विभिन्न स्थानों पर अभियान चलाया. इस दौरान सड़क और नालों के किनारे कब्जा कर दुकान चलाने वालों को हटाया गया.

आपके शहर में

विज्ञापन

वेंडिंग जोन में बालू-गिट्टी रखने पर कार्रवाई

भभुआ-मोहनियां मुख्य सड़क स्थित वेंडिंग जोन में बिल्डिंग मैटीरियल रखकर बेचने वाले दुकानदार के खिलाफ नगर पर्षद ने कार्रवाई की. दुकानदार पर जुर्माना लगाने के साथ सड़क किनारे रखे बालू और गिट्टी को भी जब्त कर लिया गया. वहीं सड़क किनारे ईंट, सब्जी और अन्य सामान रखकर अतिक्रमण करने वालों पर भी कार्रवाई की गयी और जुर्माना लगाया गया.

प्रतिबंधित क्षेत्र में सामान रखा तो जब्ती के साथ लगेगा जुर्माना

अभियान का नेतृत्व कर रहे नप ईओ संजय उपाध्याय ने बताया कि सड़क किनारे बिल्डिंग मैटीरियल रखने वालों पर जुर्माना लगाया गया है. उन्होंने दुकानदारों को चेतावनी दी कि शहर के प्रतिबंधित क्षेत्रों और वेंडिंग जोन में सामान रखने पर जुर्माने के साथ सामान भी नगर पर्षद जब्त कर लेगी. उन्होंने कहा कि अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.

खाली प्लॉट में कचरा मिला तो जमीन मालिक पर होगी कार्रवाई

नप ईओ ने बताया कि शहर में कई ऐसे खाली भूखंड हैं, जहां लोग कूड़ा-कचरा फेंक देते हैं. ऐसे भूखंडों की सफाई नहीं रखने पर नगर पर्षद पहले जमीन मालिक को नोटिस देगी. इसके बावजूद निजी जमीन पर गंदगी मिलने पर जुर्माना लगाया जायेगा. नगर पर्षद द्वारा सफाई कराने की स्थिति में खर्च की राशि भी संबंधित जमीन मालिक से वसूल की जायेगी.

फुटपाथ सिर्फ राहगीरों के लिए, दुकानदारों को दी हिदायत

ईओ संजय उपाध्याय ने कहा कि अतिक्रमण शहर की बड़ी समस्या है और इसके समाधान के लिए जिला प्रशासन व नगर पर्षद लगातार प्रयास कर रहे हैं. फिलहाल फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान चल रहा है. उन्होंने कहा कि फुटपाथ पर केवल राहगीरों का अधिकार है. फुटपाथी दुकानदारों को इसे समझना होगा और सड़क से करीब आठ फीट दूर दुकान लगानी होगी.

लगातार अभियान चलाने की मांग

नगर प्रशासन की कार्रवाई पर स्थानीय लोगों ने संतोष जताया. लोगों का कहना है कि शहर की प्रमुख सड़कों और चौक-चौराहों पर अतिक्रमण के कारण अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है. एकता चौक और पटेल चौक पर स्थिति अधिक खराब है. स्थानीय लोगों ने कहा कि कभी-कभार अभियान चलाने के बजाय लगातार कार्रवाई हो और लोगों को जागरूक किया जाये, तभी शहर को अतिक्रमण और जाम की समस्या से स्थायी राहत मिल सकती है.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन