रामगढ़ बाजार में चला बुलडोजर, SDM के निर्देश पर हटाई गईं 3 दर्जन से अधिक दुकानें
अतिक्रमण हटवाते अधिकारी
Kaimur News: कैमूर जिले के रामगढ़ बाजार में बुधवार की दोपहर एसडीएम रत्ना प्रियदर्शी के आदेश पर एनएच 319ए (NH 319A) पर व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया.
Kaimur News: रामगढ़ से रंजय जायसवाल की रिपोर्ट
रामगढ़ बाजार की मुख्य सड़क एनएच 319ए पर बुधवार की दोपहर एसडीएम रत्ना प्रियदर्शी के आदेश पर भारी पुलिस बल के साथ अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया. इस बड़ी कार्रवाई से पहले एसडीएम द्वारा रामगढ़ प्रखंड कार्यालय पहुंचकर बीडीओ जितेंद्र कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी राहुल कुमार, एसएचओ हरि प्रसाद शर्मा और डीसीएलआर कमला कांत त्रिवेदी के साथ एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की गई. रणनीति बनाने के बाद अधिकारियों का भारी-भरकम काफिला प्रखंड कार्यालय के गेट से सीधे दुर्गा चौक पहुंचा.
आपके शहर में
सब्जी-फल की दुकानें हटाई गईं, देरी करने वालों के सामान जब्त
दुर्गा चौक पहुंचते ही प्रशासन ने सड़क किनारे अवैध रूप से कब्जा जमाए सब्जी और फल की दुकानों को हटाना शुरू कर दिया. एसडीएम ने दुकानदारों को सख्त निर्देश दिया कि अगर दोबारा मुख्य सड़क पर दुकानें लगाई गईं, तो सामान जब्त करने के साथ-साथ भारी जुर्माना भी वसूला जाएगा.
इसके बाद अधिकारियों का काफिला नुआंव की तरफ बढ़ा. यहां मार्केट कॉम्प्लेक्स के अंदर के दुकानदारों द्वारा आगे नाले तक किए गए अतिक्रमण को हटाया गया. जिन दुकानदारों ने सामान हटाने में देरी की, अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उनके सामान को मौके पर ही जब्त कर लिया. इसके बाद अंबेडकर चौक से देवहलिया जाने वाली मुख्य सड़क तक अभियान चलाकर लगभग तीन दर्जन से अधिक अस्थाई दुकानों को सड़क से पूरी तरह साफ करा दिया गया.
वाराणसी ट्रामा सेंटर जाने वाले मरीज और स्कूली छात्राएं झेलती थीं जाम का दर्द
बताते चलें कि मुख्य सड़क पर लगने वाले ठेलों, सब्जी-फल की दुकानों और दुर्गा चौक पर बेतरतीब ढंग से खड़ी होने वाली बसों और छोटे सवारी वाहनों के कारण आए दिन यहां लोगों को रोंगटे खड़े कर देने वाले महाजाम का सामना करना पड़ता था.
सबसे गंभीर स्थिति तब पैदा होती थी जब वाराणसी के ट्रामा सेंटर जाने वाली एंबुलेंस में जिंदगी और मौत से जूझ रहे मरीज घंटों इस जाम में फंसे रहकर दर्द से कराहते थे. इसके अलावा, बाजार के आदर्श बालिका प्लस टू की छात्राएं और छोटे-छोटे स्कूली बच्चों की गाड़ियां भी इस जाम में फंसी रहती थीं.
अब दुर्घटनाओं से बचेंगे राहगीर, धरातल पर कड़ाई की उम्मीद
प्रशासन द्वारा की गई इस बड़ी और सख्त कार्रवाई से अब राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजरने वाले भारी वाहनों, एंबुलेंस और आम राहगीरों को बहुत बड़ी राहत मिलेगी. साथ ही मुख्य सड़क पर पैदल चलने वाले लोग भी आए दिन होने वाली सड़क दुर्घटनाओं से सुरक्षित रहेंगे. हालांकि, स्थानीय जानकारों का कहना है कि अब देखना यह होगा कि प्रशासन की यह कवायद धरातल पर कितने दिनों तक टिक पाती है और अधिकारी दोबारा अतिक्रमण नहीं होने देने के लिए क्या ठोस कदम उठाते हैं.
Also Read: जाम से मिलेगा निजात : रामगढ़ में अतिक्रमणकारियों पर चलेगा बुलडोजर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए