भभुआ में एलआईसी भवन की चौथी मंजिल पर छापेमारी, भारी मात्रा में अवैध दवाएं बरामद

Updated:
विज्ञापन

छापेमारी करते औषधि निरीक्षक | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

Kaimur News : भभुआ शहर के एलआईसी बिल्डिंग में चल रहे अवैध दवा कारोबार पर प्रशासन ने छापेमारी की. भारी मात्रा में दवाइयां बरामद, जांच जारी.

विज्ञापन

Kaimur News : जिला मुख्यालय के बीचों-बीच एलआईसी भवन की चौथी मंजिल पर बड़े पैमाने पर दवा के कथित अवैध कारोबार का सोमवार को खुलासा हुआ. स्टेट ड्रग कंट्रोल, पटना को मिली शिकायत के आधार पर जिला प्रशासन और औषधि नियंत्रण विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से यहां छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में दवाएं बरामद की गयी हैं.

विज्ञापन

चार घंटे से अधिक समय तक जारी रही छापेमारी

छापेमारी सोमवार शाम करीब चार बजे शुरू हुई, जो रात आठ बजे खबर लिखे जाने तक जारी थी. बरामद दवाओं की संख्या काफी अधिक बतायी जा रही है. औषधि नियंत्रण विभाग की टीम बरामद दवाओं की सूची तैयार कर रही थी. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मौके से सर्जिकल सामान, स्लाइन, एंटीबायोटिक और सर्दी-बुखार समेत विभिन्न प्रकार की दवाएं मिली हैं.

शिकायत के आधार पर सामने आया अवैध कारोबार

बताया गया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने स्टेट ड्रग कंट्रोल, पटना को शिकायत की थी कि एलआईसी कार्यालय वाले भवन की चौथी मंजिल पर बड़े पैमाने पर अवैध रूप से दवा का कारोबार किया जाता है. शिकायत में नशीली दवाओं के कारोबार का भी आरोप लगाया गया था. शिकायतकर्ता ने ओम प्रकाश उर्फ कृष्ण कुमार नामक व्यक्ति का भी उल्लेख किया था और स्थानीय स्तर पर कार्रवाई नहीं होने की बात कही थी.

मजिस्ट्रेट की नियुक्ति के बाद की गयी छापेमारी

शिकायत मिलने के बाद औषधि नियंत्रण विभाग, भभुआ ने जिला प्रशासन से मजिस्ट्रेट की नियुक्ति का अनुरोध किया था. जिला प्रशासन की ओर से मजिस्ट्रेट की नियुक्ति के बाद मजिस्ट्रेट और औषधि निरीक्षक किरण कुमारी तथा अभिषेक चौहान के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने परिसर में छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान शिकायत में बतायी गयी गतिविधियों के संबंध में दवाएं बरामद हुईं.

Also Read : चैनपुर में शराब के नशे में हंगामा कर रहे तीन लोग गिरफ्तार

बरामद दवाओं की सूची तैयार करने में जुटी टीम

औषधि नियंत्रण विभाग की टीम बरामद दवाओं की विस्तृत सूची तैयार कर रही है. दवाओं की कुल संख्या और उनकी श्रेणी की अंतिम जानकारी छापेमारी पूरी होने के बाद सामने आयेगी. शहर के बीचों-बीच इस तरह बड़े पैमाने पर दवा के कथित अवैध कारोबार के सामने आने से औषधि नियंत्रण विभाग और जिला प्रशासन की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं.

क्या कहते हैं औषधि निरीक्षक

औषधि निरीक्षक अभिषेक चौहान ने बताया कि स्टेट ड्रग कंट्रोल को मिली शिकायत के आधार पर यहां छापेमारी की गयी है. बड़े पैमाने पर दवाएं बरामद हुई हैं. किस तरह की और कितनी दवाएं बरामद हुई हैं, इसकी सूची तैयार की जा रही है. उन्होंने बताया कि पिछले चार घंटे से छापेमारी चल रही है और कार्रवाई पूरी होने के बाद फाइनल रिपोर्ट दी जायेगी.

Also Read : भभुआ में खेत-मजदूर यूनियन का धरना-प्रदर्शन, केंद्र व राज्य सरकार पर साधा निशाना

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन