भभुआ में शराब तस्करी का खुलासा, ऑटो से विदेशी शराब बरामद; चालक गिरफ्तार
फोटो.विदेशी शराब के साथ जब्त ऑटो 2.शराब के साथ धराया तस्कर | Prabhat Khabar Network
भभुआ के कूड़ासन मोड़ पर पुलिस ने ऑटो से 93.3 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। एक तस्कर गिरफ्तार हुआ है, जबकि अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए।
Kaimur News : भभुआ थाना पुलिस ने गुरुवार शाम गुप्त सूचना के आधार पर कूड़ासन गांव के समीप कार्रवाई करते हुए शराब की बड़ी खेप बरामद की. पुलिस ने एक ऑटो से 93.3 लीटर विदेशी शराब बरामद करने के साथ ऑटो चालक को गिरफ्तार कर लिया. वहीं, दो बाइक से लाइनर की भूमिका निभा रहे युवक पुलिस को देखते ही मौके से फरार हो गये. पुलिस ने मौके से एक बाइक भी जब्त की है.
आपके शहर में
ऑटो रोकने पर भागने लगा चालक, पीछा कर पुलिस ने दबोचा
पुलिस के अनुसार, गश्ती के दौरान एएसआई राजेश कुमार को शराब की खेप आने की गुप्त सूचना मिली थी. सूचना के आधार पर पुलिस टीम दतियांव मोड़ के समीप पहुंची. इसी दौरान एक ऑटो को आते देख पुलिस ने चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ऑटो मोड़कर भागने लगा. पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया.
पीछे चल रहे बाइक सवार बने लाइनर, पुलिस को देखते ही फरार
पुलिस कार्रवाई के दौरान ऑटो के पीछे दो बाइक से आ रहे युवक भी मौके से भागने लगे. बताया जा रहा है कि दोनों शराब की खेप के लिए लाइनर की भूमिका निभा रहे थे. भागने के दौरान एक बाइक गिर गयी, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया. हालांकि, बाइक सवार युवक मौके से फरार होने में सफल रहे.
गिरफ्तार चालक की हुई पहचान, तीन लाइनरों के नाम सामने आए
गिरफ्तार ऑटो चालक की पहचान भभुआ शहर के वार्ड संख्या 14 निवासी स्व. शमसुद्दीन राईन के पुत्र शमशाद राईन के रूप में हुई है. वहीं, लाइनर की भूमिका निभाने वालों में दतियांव निवासी शकील अंसारी, नेहाल पटेल और अखिलेश पटेल के नाम सामने आए हैं.
93.3 लीटर शराब बरामद, पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
पुलिस ने ऑटो और जब्त बाइक की जांच के दौरान कुल 93.3 लीटर विदेशी शराब बरामद की. मामले में एएसआई राजेश कुमार के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. पुलिस फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए