कैमूर: भगवानपुर CHC को मिला नया प्रभारी, डॉ चंदन कुमार संभालेंगे स्वास्थ्य केंद्र की कमान

Author Pankaj singh|Edited by Ragini Sharma
Updated:
विज्ञापन
भगवानपुर सीएचसी और जारी आदेश पत्र का फोटो | Prabhat Khabar Network

भगवानपुर सीएचसी की तस्वीर

भगवानपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) को डॉ चंदन कुमार के रूप में नया प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी मिल गया है. स्वास्थ्य विभाग ने डॉ चंदन कुमार को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है. सोमवार से डॉ चंदन कुमार विधिवत रूप से कार्यभार ग्रहण करेंगे.

विज्ञापन

Kaimur CHC New In Charge : भगवानपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) को नया प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी मिल गया है. स्वास्थ्य विभाग ने प्रशासनिक दृष्टिकोण से डॉ चंदन कुमार को भगवानपुर सीएचसी का नया प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी नियुक्त किया है. इस संबंध में शनिवार की शाम असैनिक शल्य चिकित्सक सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी कैमूर की ओर से आदेश जारी कर दिया गया.

जारी आदेश के बाद अब डॉ चंदन कुमार भगवानपुर सीएचसी की स्वास्थ्य व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालेंगे. विभाग की ओर से उन्हें प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के साथ-साथ निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी (DDO) की जिम्मेदारी भी दी गई है. बताया जा रहा है कि सोमवार को डॉ चंदन कुमार विधिवत रूप से सीएचसी का प्रभार ग्रहण करेंगे.

डॉ संजीव कुमार के स्थानांतरण के बाद खाली हुआ था पद

स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आदेश पत्र में बताया गया है कि भगवानपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी सह निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी डॉ संजीव कुमार का स्थानांतरण हो गया है. इसके बाद सीएचसी में प्रभारी पदाधिकारी का पद खाली हो गया था.

वहीं, वर्तमान में पदस्थापित सामान्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ मंजर हुसैन को प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी और निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी की जिम्मेदारी देने पर विचार किया गया था. लेकिन डॉ मंजर हुसैन ने इस पद की जिम्मेदारी संभालने में असमर्थता जताते हुए अपना आवेदन कार्यालय में सौंप दिया था.

इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने कार्यहित और कर्मचारी हित को ध्यान में रखते हुए नए प्रभारी की नियुक्ति का फैसला लिया.

Kaimur News : रामपुर के अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थापित थे डॉ चंदन कुमार

सिविल सर्जन कार्यालय कैमूर की ओर से जारी आदेश के अनुसार, रामपुर प्रखंड के ठकुरहट गांव स्थित अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थापित सामान्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ चंदन कुमार को भगवानपुर सीएचसी का नया प्रभारी बनाया गया है.

आदेश में बिहार कोषागार संहिता के नियम-84 के तहत डॉ चंदन कुमार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भगवानपुर के सभी शीर्षों का निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी भी घोषित किया गया है. इसके साथ ही उन्हें स्वास्थ्य केंद्र की प्रशासनिक और वित्तीय जिम्मेदारी भी सौंपी गई है.

प्रभार हस्तांतरण की प्रक्रिया होगी पूरी

सिविल सर्जन कार्यालय की ओर से जारी निर्देश में डॉ चंदन कुमार को कहा गया है कि वह डॉ मंजर हुसैन से विधिवत प्रभार ग्रहण करें और प्रभार ग्रहण से संबंधित प्रतिवेदन प्रतिहस्ताक्षर के लिए अधोहस्ताक्षरी कार्यालय में जमा करना सुनिश्चित करें.

इस आदेश की जानकारी संबंधित विभागों को भी भेज दी गई है. आदेश पत्र की प्रतिलिपि वरीय कोषागार पदाधिकारी कैमूर, जिला पदाधिकारी कैमूर, क्षेत्रीय अपर निदेशक स्वास्थ्य सेवाएं प्रमंडल पटना और स्वास्थ्य विभाग पटना के अपर सचिव को भी भेजी गई है.

सोमवार से संभालेंगे स्वास्थ्य केंद्र की जिम्मेदारी

भगवानपुर सीएचसी के प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक टीके उपाध्याय ने बताया कि विभागीय आदेश के अनुसार डॉ चंदन कुमार सोमवार को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर अपना कार्यभार संभालेंगे.

नए प्रभारी की नियुक्ति के बाद अब सीएचसी की प्रशासनिक व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है. विभाग की ओर से नए प्रभारी को स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं को बेहतर तरीके से संचालित करने की जिम्मेदारी दी गई है.


विज्ञापन
Pankaj Singh

लेखक के बारे में

By Pankaj Singh

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन