कैमूर: लोहे के बिजली पोल में उतर रहा करंट, बरसात में बढ़ा हादसे का खतरा; ग्रामीण बोले- कभी भी हो सकता है हादसा
लोहा के पोल पर खिंचा गया केबल | Prabhat Khabar Network
रामपुर के दियरी गांव में लोहे के बिजली पोल में करंट आने से ग्रामीण दहशत में हैं। विभाग की लापरवाही से कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा।
Kaimur News : रामपुर प्रखंड की अमांव पंचायत के दियरी गांव के वार्ड तीन स्थित पूरब टोला कुआं के पास बिजली विभाग के लोहे के पोल में करंट उतरने से हादसे का खतरा बना हुआ है. ग्रामीणों का कहना है कि कई बार लोहे के पोल के संपर्क में आने से लोग घायल हो चुके हैं. बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो गयी है. स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग से जल्द समस्या का समाधान कराने की मांग की है.
आपके शहर में
लोहे के पोल से कई बार लग चुका है करंट
ग्रामीण महेंद्र दुबे, फुलेश्वर दुबे, वीरेंद्र दुबे, भिखारी राम और चंद्र भूषण दुबे ने बताया कि जिस स्थान पर लोहे का बिजली पोल लगा है, उसके बगल में सीमेंट का पोल भी मौजूद है. इसके बावजूद कई महीनों से बिजली का तार लोहे के पोल के सहारे खींचा गया है. ग्रामीणों के अनुसार बरसात और अन्य दिनों में लोहे के पोल में करंट उतर आता है, जिससे उसके संपर्क में आने वाले ग्रामीण, बच्चे और पशु घायल हो जाते हैं.
बरसात में बढ़ जाता है खतरा
ग्रामीणों ने बताया कि बारिश के दौरान जमीन और आसपास का क्षेत्र गीला होने के कारण लोहे के पोल में करंट उतरने से खतरा और बढ़ जाता है. बच्चों और पशुओं के पोल के आसपास पहुंचने की स्थिति में गंभीर हादसा होने की आशंका बनी रहती है. इसी खतरे को देखते हुए ग्रामीणों ने पोल के चारों ओर कांटा लगाकर लोगों को उससे दूर रखने का प्रयास किया है.
सीमेंट के पोल से तार जोड़ने की मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि लोहे के पोल से बिजली का तार हटाकर बगल में लगे सीमेंट के पोल से जोड़ने की मांग कई बार बिजली विभाग से की गयी है. इसके बावजूद अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गयी. ग्रामीणों ने कहा कि यदि समय रहते पोल की समस्या दूर नहीं की गयी और कोई बड़ा हादसा हुआ तो इसकी जिम्मेदारी बिजली विभाग की होगी.
जेई और मिस्त्री पर सहयोग नहीं करने का आरोप
ग्रामीणों ने बिजली विभाग के जेई पर फोन नहीं उठाने और मिस्त्री पर उनकी बात नहीं सुनने का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है. इससे ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी है.
विभाग बोला- सूचना मिलेगी तो कराया जायेगा समाधान
इस मामले में रामपुर बिजली विभाग के जेई परमेश्वर कुमार ने बताया कि दियरी गांव के ग्रामीणों की ओर से उन्हें ऐसी कोई सूचना नहीं दी गयी है. उन्होंने कहा कि वह सभी लोगों का फोन उठाते हैं. अगर लोहे के पोल में विद्युत करंट आने की समस्या है तो मिस्त्री को भेजकर जल्द उसका समाधान कराया जायेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए