जहानाबाद: बच्चे को स्कूल छोड़कर लौट रही महिला से दिनदहाड़े सोने की चेन छीनी, बाइक सवार बदमाश फरार; पुलिस खंगाल रही CCTV

Updated:
विज्ञापन

जहानाबाद में स्वामी सहजानंद संग्रहालय के पास दिनदहाड़े एक महिला से सोने की चेन छीनने की घटना हुई है. बाइक सवार दो नकाबपोश अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

विज्ञापन

Jehanabad News: जिले के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत स्वामी सहजानंद संग्रहालय के समीप शनिवार को दिनदहाड़े छिनतई की एक दुस्साहसिक वारदात सामने आई है. बेखौफ बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों ने एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और मौके से तेजी से फरार हो गए. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया.

आपके शहर में

विज्ञापन

बच्चे को स्कूल छोड़कर पैदल घर लौट रही थीं पीड़िता

पीड़िता सरिता देवी, जो मूल रूप से औरंगाबाद जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नागाडीह की निवासी हैं और वर्तमान में शहर के स्वामी सहजानंद नगर (खनपुर) में किराए के मकान में रहती हैं, अपने 5 वर्षीय बेटे को होरिलगंज स्थित 'किड्स गार्डन स्कूल' छोड़कर पैदल अपने कमरे पर लौट रही थीं. जब वे स्वामी सहजानंद संग्रहालय और कृष्णा अपार्टमेंट के पास कौशल विभाग की सड़क से गुजर रही थीं, तभी काले रंग की मोटरसाइकिल पर सवार दो नकाबपोश युवक अचानक तेज रफ्तार में पहुंचे.

मुंह ढके हुए थे बदमाश, आंबेडकर चौक की ओर भागे

महिला जब तक कुछ समझ पातीं, तब तक बाइक के पीछे बैठे बदमाश ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन खींच ली. इसके बाद दोनों बदमाश तेज रफ्तार में आंबेडकर चौक की ओर भाग निकले. पीड़िता ने बताया कि दोनों अपराधियों के चेहरे ढके हुए थे और बाइक की गति काफी तेज होने के कारण वह गाड़ी का रजिस्ट्रेशन नंबर नहीं देख सकीं. पीड़िता के शोर मचाने पर जब तक स्थानीय लोग एकत्र हुए, अपराधी आंखों से ओझल हो चुके थे.

थाने में आवेदन, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना के तुरंत बाद पीड़िता ने जहानाबाद नगर थाना पहुंचकर लिखित आवेदन देकर पुलिस से त्वरित कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है. मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है. पुलिस घटनास्थल और उसके आसपास लगे प्रतिष्ठानों व चौराहों के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगालकर बाइक सवार अपराधियों की पहचान और धरपकड़ में जुट गई है.

Also Read: जहानाबाद: गांधी मैदान में धूमधाम से मनी मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स मीट, डीएम छिरिङ वाई भूटिया ने दिया 'प्रतिदिन एक घंटा खेल' का संदेश


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन