जहानाबाद के हजामपुर में ट्रांसफार्मर ब्लास्ट, गांव में छाया अंधेरा, नल-जल सेवा भी ठप

Updated:
विज्ञापन
जला हुआ ट्रांसफार्मर | Prabhat Khabar Network

जला हुआ ट्रांसफार्मर

जहानाबाद के हजामपुर गांव में गुरुवार देर शाम ट्रांसफार्मर में अचानक आग लगने से गांव अंधेरे में डूब गया है. ट्रांसफार्मर जलने के कारण नल-जल योजना भी ठप हो गई है, जिससे ग्रामीणों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ सकता है. ग्रामीण जल्द नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग कर रहे हैं.

विज्ञापन

Jehanabad News: प्रखंड क्षेत्र के पंडौल पंचायत अंतर्गत हजामपुर गांव में गुरुवार देर शाम ट्रांसफार्मर में अचानक आग लगने और जोरदार धमाके के बाद पूरे गांव की बिजली आपूर्ति ठप हो गई. ट्रांसफार्मर जलने से गांव अंधेरे में डूब गया है, वहीं नल-जल योजना भी प्रभावित हो गई है, जिससे ग्रामीणों के सामने पेयजल संकट की आशंका गहरा गई है.

धमाके के बाद धू-धू कर जलने लगा ट्रांसफार्मर

ग्रामीणों के अनुसार गुरुवार शाम अचानक तेज धमाके की आवाज सुनाई दी. लोग घरों से बाहर निकले तो देखा कि गांव का ट्रांसफार्मर धू-धू कर जल रहा है. आग की चपेट में ट्रांसफार्मर के साथ उसमें लगा मीटर बॉक्स भी आ गया. स्थानीय लोगों ने प्रयास कर किसी तरह आग पर काबू पाया.

बिजली गुल होने से बढ़ी परेशानी

ट्रांसफार्मर जलने के बाद पूरे गांव की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई. इससे न केवल घरों में अंधेरा छा गया, बल्कि नल-जल योजना भी बंद हो गई है. गांव के सैकड़ों परिवार पेयजल के लिए नल-जल योजना पर निर्भर हैं. भू-जल स्तर नीचे होने के कारण लोगों की चिंता और बढ़ गई है.

कई दिनों से थी तकनीकी खराबी

ग्रामीण वेद प्रकाश ने बताया कि ट्रांसफार्मर में पिछले कई दिनों से तकनीकी खराबी बनी हुई थी. विद्युत विभाग के कर्मियों द्वारा कई बार इसकी मरम्मत की गई थी, लेकिन समस्या पूरी तरह दूर नहीं हुई. गुरुवार रात अचानक ट्रांसफार्मर ब्लास्ट कर गया.

जेई से संपर्क नहीं होने का आरोप

ग्रामीणों ने बताया कि घटना की सूचना विद्युत विभाग को दे दी गई है. हालांकि कनीय अभियंता (जेई) मो. मेराज आलम से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हुआ. ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया तो गांव में पेयजल का गंभीर संकट उत्पन्न हो सकता है.

शीघ्र ट्रांसफार्मर बदलने की मांग

ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से अविलंब नया ट्रांसफार्मर लगाने और बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है. लोगों का कहना है कि वर्तमान समय में अधिकांश काम बिजली पर निर्भर हैं और नल-जल सेवा बंद रहने से स्थिति और गंभीर हो सकती है.


विज्ञापन
Avinash Kumar

लेखक के बारे में

By Avinash Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन