जहानाबाद में एक ही दिन में वाहन चालकों पर लगा डेढ़ लाख का जुर्माना, बिना लाइसेंस वालों पर कसा शिकंजा
टेंपो का चालान काटता पुलिसकर्मी | Prabhat Khabar Network
जहानाबाद में पुलिस ने सघन वाहन जांच अभियान चलाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों पर डेढ़ लाख रुपये से अधिक का जुर्माना लगाया है।
Jehanabad News : जहानाबाद जिले में मंगलवार को पुलिस ने सघन वाहन जांच अभियान चलाया. अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर 1 लाख 52 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया. इसमें कुछ जुर्माना मौके पर वसूला गया, जबकि शेष का ऑनलाइन चालान काटा गया. पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप मचा रहा.
आपके शहर में
शहर में काटा गया 80 हजार का चालान
पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार के निर्देश पर चलाये गये अभियान में जिले के सभी थानों की पुलिस शामिल रही. पुलिस के अनुसार, मंगलवार को कुल 1 लाख 52 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया. इसमें करीब 80 हजार रुपये का चालान अकेले जहानाबाद शहर में काटा गया, जबकि जिले के अन्य थाना क्षेत्रों में 71 हजार 500 रुपये का चालान किया गया.
कागजात से लेकर हेलमेट तक की जांच
जांच के दौरान पुलिस ने वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस के साथ रोड टैक्स, इंश्योरेंस, परमिट, फिटनेस और प्रदूषण प्रमाणपत्र की जांच की. जिन वाहनों के कागजात अधूरे मिले या जिनके दस्तावेज की वैधता समाप्त हो चुकी थी, उनका चालान काटा गया. इसके अलावा बाइक सवारों के हेलमेट और चारपहिया वाहन चालकों के सीट बेल्ट की भी जांच की गयी.
बिना लाइसेंस पर 50 हजार का जुर्माना
पुलिस के अनुसार, सबसे अधिक 50 हजार रुपये का जुर्माना ड्राइविंग लाइसेंस नहीं होने पर लगाया गया. यातायात नियमों के उल्लंघन पर 13 हजार, बिना हेलमेट बाइक चलाने पर 8 हजार, बिना इंश्योरेंस वाले वाहनों पर 4 हजार, नो पार्किंग में 3 हजार, बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों पर 1500 और ट्रिपल राइडिंग के लिए 1000 रुपये का चालान काटा गया.
कागजात दुरुस्त रखने की अपील
पुलिस अधीक्षक ने वाहन चालकों से अपनी गाड़ियों के सभी कागजात दुरुस्त रखने की अपील की है. उन्होंने कहा कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें और दोपहिया वाहन चालक अनिवार्य रूप से हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चालक सीट बेल्ट का इस्तेमाल करें. पुलिस ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी जांच और कार्रवाई जारी रहेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए