जहानाबाद: एक ही घर के तीन बच्चे खेलते-खेलते पइन में डूबे, एक मासूम की मौत; दो का सदर अस्पताल में इलाज
सदर अस्पताल में चल रहा है घायल बच्चों का इलाज | Prabhat Khabar Network
जहानाबाद के चिकसौरा गांव में खेलने के दौरान तीन मासूम बच्चे घर के पास बह रहे पइन (जलस्रोत) में डूब गए. इस दुखद घटना में 6 साल के एक बच्चे की जान चली गई, जबकि दो बच्चों को बचा लिया गया है जिनका इलाज चल रहा है.
Jehanabad News: शकूराबाद थाना क्षेत्र के चिकसौरा गांव में मंगलवार को एक ही परिवार के तीन मासूम बच्चे घर के पास स्थित पइन (जलस्रोत) में डूब गए. इस दर्दनाक हादसे में 6 वर्षीय एक बच्चे की डूबने से मौत हो गई, जबकि दो अन्य बच्चों को समय रहते ग्रामीणों ने बाहर निकाल लिया, जिनका इलाज जहानाबाद सदर अस्पताल में चल रहा है. इस घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है.
आपके शहर में
ग्रामीणों ने पइन से बाहर निकाल पहुंचाया अस्पताल
मिली जानकारी के अनुसार, गांव निवासी दीपक कुमार का 6 वर्षीय पुत्र राज बल्लम उर्फ यश राज कुमार अपने परिवार के दो अन्य बच्चों— 7 वर्षीय पल्लवी कुमारी और 5 वर्षीय सोनू कुमार के साथ घर के बाहर खेल रहा था. खेलते-खेलते तीनों बच्चे घर के निकट स्थित पइन के किनारे चले गए और अचानक गहरे पानी में चले जाने से डूबने लगे. बच्चों की चीख-पुकार और शोर सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत मौके की ओर दौड़े और आनन-फानन में तीनों को पानी से बाहर निकाला.

6 वर्षीय यश को डॉक्टर ने किया मृत घोषित, 2 का इलाज जारी
ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए तीनों बच्चों को प्राथमिक उपचार के लिए रतनी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने तुरंत जहानाबाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया. सदर अस्पताल में जांच के उपरांत चिकित्सक डॉ. सुनील राय ने 6 वर्षीय यश राज कुमार को मृत घोषित कर दिया. वहीं पल्लवी कुमारी और सोनू कुमार को आपातकालीन वार्ड में भर्ती कर डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज किया जा रहा है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि बच्चे खेलते समय फिसलकर गिरे थे या पानी में नहाने उतरे थे.

परिजनों में मचा हाहाकार, पुलिस जांच में जुटी
मासूम यश की मौत की खबर मिलते ही माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. सूचना मिलने के बाद शकूराबाद थाना पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कराई. पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है और घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए